संदीप शुक्ला, भिंड ( मध्यप्रदेश ), NIT;
चंबल रेंज के डीआईजी श्री अनिल शर्मा ने पुलिस अधीक्षक चैम्बर में मीडिया को मुख्यमंत्री जी की प्रस्तावित यात्रा फूप जिला भिण्ड के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फूप में आयोजित अंत्योदय मेला में मुख्यमंत्री जी के लिए तैयार किए जा रहे सभा स्थल की व्यवस्था, हैलीपेड आदि की दिशा में प्रशासन और पुलिस के अधिकारी विभिन्न प्रकार की तैयारियां सुनिश्चित कर रहे हैं। साथ ही इटावा से चंबल पुल से फूप आने वाले मार्ग की व्यवस्था का जायजा लिया गया है। इस दिशा में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रबंध किए जायेंगे, साथ ही मुख्यमंत्री जी की यात्रा के मद्देनजर फोर्स की व्यवस्था के लिए विभिन्न पोईंट लगाए जा रहे हैं। डीआईजी श्री अनिल शर्मा नेे कहा कि ग्राम रक्षा समितियों को प्रभावी बनाया जायेगा। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा की दिशा में पुलिस व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने के प्रबंध पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह कुशवाह के माध्यम से सुनिश्चित किए जायेंगे। इसी प्रकार पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जायेगा, साथ ही पुलिस अधीक्षक को भरपूर सहयोग दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि शोसल मीडिया और वाट्सएप पर मिलने वाली सूचनाओं पर कार्यवाही होगी। इसी प्रकार जनता की समस्याओं और कठिनाईयों को हल करने के प्रयास जारी रहेंगे। पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सिंह कुशवाह ने इस दौरान बताया कि कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जायेंगे, साथ ही आम लोगों की समस्याओं के निदान की दिशा में नियमित रूप से पहल की जायेगी। इसी प्रकार प्रशासन के हर कामकाज में पुलिस द्वारा पूरा सहयोग दिया जायेगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनिल कुशवाह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृत मीणा व प्रिन्ट व इलेक्ट्रानिक मीडिया के पत्रकार मौजूद थे।
