पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (मप्र), NIT:

रविवार को शासकीय महाविद्यालय मनावर में भारतीय भाषा दिवस पर भारतीय भाषा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ आर सी पांटेल एवं आइक्यूएससी प्रभारी डॉ आई एस सस्तिया द्वारा सरस्वती पूजन के साथ किया गया। कार्यक्रम में डॉ आर सी पांटेल ने भारतीय भाषाओं को भारत का गौरव बताते हुए, उनका अधिक से अधिक प्रयोग करने की बात कही। इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता हिंदी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो सुरेश कवचे ने भारतीय भाषाओं की महत्ता बताते हुए ,उनके प्रति सम्मान रखने और उन्हें वैश्विक मंच तक ले जाने की बात कही। अपने वक्तव्य में उन्होंने विलुप्त हो रही शब्दावली और भाषा को बचाने के उपाय भी सुझाए।डॉक्टर एम एस अजनार ने भारतीय भाषाओं को सीखने के प्रति ललक और क्षेत्रीय भाषाओं में अध्ययन अध्यापन को प्रोत्साहित करने पर बल दिया। यह कार्यक्रम लगभग 200 से अधिक विद्यार्थियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जिनमें से कई विद्यार्थियों ने भारतीय भाषाओं पर निबंध लेखन के साथ भाषण एवं कविता पाठ भी किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रो ज्योति बर्फा द्वारा किया गया और आभार प्रो विष्णु बर्मन द्वारा माना गया।
