अबरार अहमद खान/मुकीज खान, भोपाल (मप्र), NIT:

छात्र-छात्राओं से अटेंडेंस के नाम पर अवैध फीस वसूली पर रोक लगाने की मांग को लेकर एनएसयूआई ने राजीव गांधी विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन सौंप कर कार्यवाही की मांग की है।
इस मैके पर रवि परमार ने NIT संवाददाता को बताया कि राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले कई निजी कालेजों द्वारा सिविल इंजीनियरिंग के पांचवें सेमेस्टर के छात्र छात्राओं के परीक्षा फार्म फारवर्ड नहीं किए गए हैं। छात्र छात्राओं की परीक्षाएं आज से प्रारंभ भी हो चुकी हैं। छात्र छात्राओं का आरोप है कि कालेज संचालकों द्वारा अटेंडेंस के नाम पर मनमाफिक फीस मांगी जा रही है।
परमार ने कहा कि मध्यप्रदेश के निजी कालेज संचालकों की मनमानी लगातार बढ़ती जा रही है जिससे छात्र छात्राओं के भविष्य बर्बाद हो रहे हैं। निजी कालेजों द्वारा शिक्षा का व्यवसायीकरण किया जा रहा है। निजी कालेजों में छात्र छात्राओं के ऊपर दबाव अनैतिक बनाकर अवैध फीस वसूली जा रही जिस पर अंकुश लगना अति आवश्यक है।

रवि परमार ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि जिन निजी कालेजों द्वारा छात्र छात्राओं के परीक्षा फार्म फारवर्ड नहीं किए जा रहे हैं उन पर कार्यवाही कर छात्र छात्राओं के परीक्षा फार्म फारवर्ड करवाने के आदेश जारी करें।
इस मौके पर राजवीर सिंह, सोहन मेवाड़ा, लक्की चौबे, भव्य सक्सेना, मोहित पटेल, ईश्वर चौहान, आदित्य, शिवा, दांगी, रवि पटेल और अन्य छात्र छात्राओं ने कुलपति को ज्ञापन सौंपा।
