फराज अंसारी, बहराइच ( यूपी ), NIT;
बहराइच के जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्राओं की संभाग स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारम्भ जिलाधिकारी अजय दीप सिंह द्वारा मसाल जलाकर किया गया। फुटबाल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश व उत्तराखण्ड के 8 टीमों ने भाग लिया।
फुटबाल प्रतियोगिता को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री अजय दीप सिंह ने कहा कि इतने कम समय में इतना अच्छा प्रदर्शन किया जा रहा है, जो बेमिसाल है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय में अच्छी शिक्षा के साथ-साथ खेल का भी ध्यान रखा जाता है। शिक्षा का स्तर व अनुशासन के प्रति जितनी भी सराहना की जाये वह कम है। उन्होंने कहा कि बालक व बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेल व व्यायाम भी आवश्यक है, जिससे तन व मन दोनों स्वस्थ रहता है। स्वस्थ शरीर से स्वस्थ मन का विकास होता है। खेल सभी शारीरिक क्षमता और कौशल को सुधारने और बनाये रखने में मदद करता है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश व उत्तराखण्ड से आयी हुई खिलाड़ियों का आहवान करते हुए कहा कि प्रतियोगिता का मतलब हार जीत से नहीं है, बल्कि प्रयास ही सब कुछ है। सभी टीमें रूचि के साथ प्रतियोगिता में खेलें और टीम भावना से खेलें। उन्होंने विद्यालय के कैम्पस में साफ-सफाई की व्यवस्था देखकर विद्यालय की सराहना की और कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय बहराइच की शान है।
कार्यक्रम को अन्त में धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विद्यालय के उप प्रधानाचार्या डा. अमिता सक्सेना ने आये हुए सभी अधिकारियों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी अजय दीप सिंह व नगर मजिस्ट्रेट प्रमिल कुमार सिंह को प्राचार्य द्वारा प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। जिलाधिकारी ने मैदान में जाकर खिलाड़ियों से परिचय भी प्राप्त किया।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट प्रमिल कुमार सिंह, प्रधानाचार्य प्रेम प्रकाश शर्मा, उप प्रधानाचार्या डा. अमिता सक्सेना, पीजीटी हिन्दी अशोक कुमार दीक्षित, कमलेश वर्मा, मिस पुष्पा पाण्डेय, शिक्षक, शिक्षिकाएं व प्रतिभागी मौजूद रहे।
