राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

वन विभाग की लापरवाही से शनिवार की रात्रि में कई लोगों की जान जाते-जाते बच गई. वाक्या महाकाली और पृथ्वी वार्ड के बीच से बहने वाली सुखचैन नदी में से निकले एक विशालकाय मगरमच्छ का है जिसके कारण पिछले 1 सप्ताह से पूरे इलाके में दहशत फैली हुई थी. बीती रात्रि में यह मगरमच्छ नदी से नकल कर रहवासी इलाके में पहुंच गया और कई लोगों को अपना शिकार बनाने की कोशिश में जुट गया था. यह खबर आसपास के क्षेत्रों में आग की तरह फैली और सैकड़ों लोग मगर को देखने के लिए पहुंचे और वन विभाग के अधिकारियों को फोन लगाकर मगरमच्छ पकड़ने के लिए बुलाया गया लेकिन सूचना के 2 घंटे बाद भी जिम्मेदार वन अधिकारी, रेंजर और कोई भी वन कर्मचारी नहीं पहुंचा तो मोहल्ले के कुछ युवकों ने साहस जुटाया और मगरमच्छ को पकड़ने का रेस्क्यू किया. इस दौरान मगरमच्छ ने एक व्यक्ति के पैर को घायल कर दिया जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. इसके बाद करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय युवकों ने मगरमच्छ को पकड़कर नगरपालिका की गाय पकड़ने वाले पिंजरे में बंद किया. यह सूचना मिलने पर थाना प्रभारी आशीष शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने मगरमच्छ को पकड़वाने में मदद की और लोगों को दहशत से निजात दिलाई. जब मगरमच्छ पकड़ा गया उसके बाद मगरमच्छ को लेने के लिए वन विभाग के कुछ कर्मचारी पहुंचे और अपने वाहन में मगरमच्छ को लेकर चले गए।
