अबरार अहमद ख़ान/मुकीज खान, भोपाल (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MANIT) में बीते दो दिनों से 75% अनिवार्य उपस्थिति के आदेश के विरोध में छात्रों द्वारा जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
ऐसे में आज NSUI के प्रदेश समन्वयक रवि परमार छात्रों से मिलने धरनास्थल पहुँचे जहां पर उन्होंने छात्रों को पूर्ण समर्थन का वादा किया।
रवि ने NIT संवाददाता से बात करते हुऐ बताया कि मैनिट के छात्र बीते 2 दिनों से अपनी वाजिब विभिन्न मांगों को लेकर धरनारत हैं लेकिन कॉलेज प्रबंधन के कान में जूं तक नहीं रेंग रही है। कॉलेज प्रबंधन छात्रों के प्रति अपने अड़ियल रवैये पर अड़ा हुआ है। रवि परमार का कहना है कि हम ने संस्थान के डायरेक्टर को पत्र लिखकर चेताया है कि जल्द से जल्द छात्रों की मांगों पर सद्भावनापूर्ण कार्यवाही करके निपटारा करे वरना छात्रों के साथ NSUI खड़ी है उसका प्रतिरोध झेलने के लिए मैनिट प्रबंधन तैयार रहे। हम छात्रों की सभी मांगों का समर्थन करते हैं और छात्रों को हक़ दिलवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वहीं छात्रों का कहना है कि फाइनल ईयर में सभी स्टूडेंट्स का फोकस प्लेसमेंट पर होता है। कई बार क्लासेस की टाइमिंग में इंटरव्यू होते हैं। इसके इलावा कई छात्र तो ऐसे हैं जो दूसरे एग्जाम वगैरह भी देते हैं जिस से छात्रों के लिए 75% अटेंडेंस मेंटेन करना संभव नहीं हो पाता है। इसलिए छात्र-छात्राएं मांग कर रहे हैं कि कॉलेज प्रबंधन स्टूडेंट्स का सहयोग करे।
