पवन परूथी, ग्वालियर/भोपाल (मप्र), NIT:

एमपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एवं पत्रकार कल्याण समिति के पूर्व राज्य स्तरीय सदस्य विनय अग्रवाल ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी को लिखे एक पत्र में पत्रकार स्वास्थ्य बीमा योजना में बीमित राशि बढ़ाये जाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि अभी पत्रकारों का स्वास्थ्य बीमा 2 एवं 4 लाख रूपये की बीमित राशि का पूरे परिवार के लिये होता है जबकि इलाज महंगा होने से यह बीमित राशि कम हैं।
श्री अग्रवाल ने कहा कि कोरोना आपदा में भी जो पत्रकार व उनके परिजन गंभीर रूप से बीमार हुये अस्पतालों के अनाप-शनाप बिलों के कारण यह राशि अत्यंत कम थी, जिस कारण पत्रकारों को आर्थिक संकटों का सामना करना पड़ा।
मुख्यमंत्री करें पहल
विनय अग्रवाल ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी की सराहना करते हुये कहा कि उन्होंने कोरोना काल में पत्रकारों व उनके परिजनों के लिये जनसंपर्क विभाग से मदद भी की, जिसके लिये वह सराहना के पात्र हैं। लेकिन अब पत्रकारों की बीमित राशि अधिकतम चार लाख से बढ़ाकर 6 व 8 लाख करना चाहिये। अग्रवाल ने कहा कि जब आयुष्मान कार्ड में ही इलाज की अधिकतम सीमा 5 लाख है, तो पत्रकारों को बीमा प्रीमियम देने पर यह बीमित राशि बढ़ाई जानी चाहिये।
