यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

चंबल नदी में लगातार पानी की आवक होने से निचले इलाकों में जल भराव की समस्या शुरू हो गई है। जिला कलेक्टर अनिल कुमार अग्रवाल ने मंगलवार को सरमथुरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत झिरी के मजरों एवं ढाणियों का दौरा कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। चम्बल किनारे बसे सुदूर गांव झिरी के दौरे के दौरान जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर कहा कि प्रशासन आपकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह से मुस्तैद है। इस दौरान जिला कलक्टर ने बाढ़ से बचाव के लिए जिला आपदा नियंत्राण टीम को अलर्ट के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों झिरी, चन्द्रपुरा, दुर्गसी, शंकरपुर, खिलीडांडा, में बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों को भोजन पैकेट, आवश्यक दवायें उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पानी कि आवक बढ़ने से जलस्तर में लगातार बढोत्तरी हो रही है। उन्होंने तहसीलदार, ग्राम विकास अधिकारी तथा पटवारी को पूरी तरह से अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को मेडिकल टीम अलर्ट मोड़ पर रखने के निर्देश दिए। गर्भवती महिलाओं तथा बच्चों, बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। आमजन को आवश्यक दवा किट उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। मच्छरों से बचने हेतु फॉगिंग करवाने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य, बिजली, पानी आदि की व्यवस्था करवाने सहित पशुओं को टीकाकरण आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से सावधानी बरतने तथा नदी के पास नही जाने, नदी नालो की रपट पर आवाजाही नही करने की अपील की। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी सरमथुरा मनीष जाटव, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद शीशराम यादव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जयन्ती लाल मीणा, आरसीएचओ डॉ. शिवकुमार मीणा, संयुक्त निदेशक पशुपालन डॉ. सुनील माटा सहित अन्य मौजूद रहे।
