अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थनगर (यूपी), NIT:

इटवा नगर पंचायत में आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में नगर पंचायत कर्मियों ने तिरंगा यात्रा निकाली। उप जिलाधिकारी अभिषेक पाठक व अधिशासी अधिकारी की अगुवाई में निकाली गई तिरंगा यात्रा में नगर पंचायत कार्यालय के सफाई कर्मी एवं अन्य कर्मचारी हाथों में तिरंगा झंडा लिए शामिल रहे। नगर पंचायत कर्मियों ने नगर वासियों को अपने अपने घरों पर तिरंगा झंडा लगाने के लिए जागरुक भी किया। आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान पर पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। पूरे देश में हर घर तिरंगा झंडा लगाए जाने का अभियान चल रहा है। इस दौरान जगह-जगह रुक कर नगर पंचायत कर्मियों ने लोगों को आजादी के अमृत महोत्सव में सहभागी बनने का आह्वान भी किया। ईओ ने कहा कि हमारे देश को आजाद हुए 75 वर्ष पूरे हो गए हैं। देश को आजाद कराने में हमारे तमाम महापुरुषों, पूर्वजों ने काफी संघर्ष किया है एवं अपना बलिदान देकर देश को आजाद कराया है। अनगिनत लोग शहीद हुए हैं। अमर बलिदानियों को नमन करें. तिरंगा यात्रा में नगर पंचायत कार्यालय के लिपिक आकाश शर्मा, श्याम सुंदर, अजय, शंकर गुप्ता, आनंद गुप्ता, नागमणि दुबे आदि लोग मौजूद रहे.
