यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

प्रधानमंत्री की ओर से आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में हर घर तिरंगा फहराए जाने का आह्वान किया गया है। इसके लिए तिरंगे झंडे की बहुत अधिक मांग है। इस मांग की पूर्ति के लिए धौलपुर डाक मंडल के प्रत्येक डाकघर के माध्यम से आमजन के लिए 1 अगस्त से तिरंगा झंडा उपलब्ध करवाया जा रहा है। तिरंगे का साइज 27 इंच गुणा 18 इंच होगा। डाक अधीक्षक धौलपुर रामबीर शर्मा ने बताया कि हमारा प्यारा तिरंगा झंडा अमूल्य है लेकिन आम जनता को इसके प्रति अपनी भावना दिखाने के लिए भारतीय डाक विभाग ने इसके लिए टोकन मनी मात्र 25 रुपए रखी है और प्रत्येक पोस्टमैन को भी यह झंडे आम जनता में बेचने के लिए उपलब्ध कराए हैं, आम जनता का कोई भी आदमी पोस्टमैन से भी खरीद सकता है या अपने निकटतम डाकघर में जाकर के मात्र 25 रुपए में तिरंगा झंडा ले सकता है।
विपणन अधिकारी रोहित गुर्जर मानपुर ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराने के अभियान में प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने के लिए देश में डाकघरों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी । सभी डाकघरों के माध्यम से आमजन के घरों व व्यावसायिक प्रतिष्ठनों पर तिरंगा फहराने हेतु 1 अगस्त से मात्र 25 रुपए में उपलब्ध करवाया जा रहा है।
