यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

प्रदेश में शिक्षकों की भर्ती के लिए राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा 2022 के पहले चरण का आयोजन शनिवार को धौलपुर में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के तत्वाधान में 22 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में धौलपुर जिले में पंजीकृत कुल 11 हजार 669 परीक्षार्थियों में से 10 हजार 704 ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान 965 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान सरकार द्वारा जारी निर्देशों की पालना करते हुए सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए। राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा 2022 के लिए शनिवार सुबह धौलपुर की रिजर्व पुलिस लाइन में बनाए गए चेस्ट रूम से पेपरों को कड़ी सुरक्षा में परीक्षा केंद्र तक भेजा गया। डीएम अनिल कुमार अग्रवाल एवं एसपी धर्मेंद्र सिंह की मौजूदगी में परीक्षा के पेपरों को परीक्षा समन्वयक के साथ पहले वीडियोग्राफी कराई गई उसके बाद उनको गंतव्य को रवाना किया गया। इस दौरान डीएम अग्रवाल परीक्षा में जुड़े सभी अधिकारियों एवं कार्यों को सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों के पूर्णता पालन करने के निर्देश दिए। अग्रवाल ने कहा कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम अग्रवाल ने बताया जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा के दौरान बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से रहने एवं खाने-पीने की निशुल्क व्यवस्था की गई है। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों से लेकर चेस्टरूम तथा चेक पोस्टों पर पुलिस के सख्त इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। पुलिस के अधिकारियों को परीक्षा के दौरान पूरी सुरक्षा बरतने की हिदायत दी गई है। राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा 2022 के नोडल अधिकारी एवं अपर जिला अधिकारी सुदर्शन सिंह तोमर ने बताया कि शनिवार को आयोजित परीक्षा के प्रथम चरण में धौलपुर जिले में पंजीकृत कुल 6 हजार 244 परीक्षार्थियों में से 5 हजार 799 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। जबकि 445 परीक्षार्थियों को गैरहाजिर घोषित किया गया। इसी प्रकार दूसरी पारी में धौलपुर जिले में पंजीकृत 5 हजार 425 परीक्षार्थियों में से 4 हजार 905 परीक्षार्थी उपस्थित हुए। जबकि, 520 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। उधर, परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था। परीक्षार्थियों को पूरी जांच-पड़ताल के बाद परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। परीक्षार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा की दृष्टि से परीक्षा केंद्रों पर सैनिटाइजेशन कर परीक्षार्थियों को मास्क भी वितरित किए गए। परीक्षा के दौरान धौलपुर के उपखंड अधिकारी भारती भारद्वाज तहसीलदार भगवतशरण त्यागी तथा जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उधर, राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा के आयोजन को लेकर धौलपुर जिला मुख्यालय पर गहमागहमी देखने को मिली।
