हिमांशु सक्सेना, ग्वालियर (मप्र), NIT:

नगरीय निकाय आम निर्वाचन- 2022 में शतप्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें, इसके लिये मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत समस्त नोडल अधिकारी, कैम्पस एम्बेसडर, विश्वविद्यालयों को तिथिवार मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 जून को वीआरजी कॉलेज मुरार द्वारा मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन तथा शासकीय एसएलपी महाविद्यालय द्वारा साइकिल रैली का आयोजन और भगवत सहाय शासकीय महाविद्यालय द्वारा मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। मतदाताओं को जागरूक करने हेतु महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा बैनर, पोस्टर हाथ में लेकर जन जागृति का कार्य किया गया।
जागरूकता अभियान के तहत 29 जून को शासकीय वृंदा सहाय महाविद्यालय डबरा, शासकीय केआरजी महाविद्यालय ग्वालियर, झलकारी बाई कन्या महाविद्यालय और एमएलबी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय द्वारा जागरूकता रैलियों का आयोजन किया जायेगा। इसी कड़ी में 30 जून को शासकीय संस्कृत महाविद्यालय और शासकीय महाविद्यालय चीनौर द्वारा प्रमुख चौराहों और मार्गों पर जन जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे।
मतदाताओं को जागरूक करने हेतु एक जुलाई को जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से महाराज बाड़े पर प्रात: 6 बजे मतदाता जागरूकता हेतु मानव श्रृंखला का आयोजन किया जा रहा है। 02 जुलाई को जीवाजी विश्वविद्यालय के माध्यम से प्रात: 7 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय से साइकिल रैली का आयोजन किया जायेगा। सभी नोडल अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया है कि मतदाता जागरूकता के लिये किए जा रहे कार्यक्रमों के फोटोग्राफ भी जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजना सुनिश्चित करें।
