मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

आम आदमी पार्टी जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया.
उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था दुरुस्त कराने एवं ललितपुर और चंदौली में हुई जघन्य आपराधिक घटना की उच्च न्यायालय की निगरानी में सीबीआई जांच कराने के संदर्भ में ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि ललितपुर में एक किशोरी से गैंगरेप हुआ, “जब पीड़िता न्याय पाने के लिए थाने गई तो दरोगा ने न्याय दिलाने की जगह पर पीड़िता के साथ बलात्कार की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद चंदौली में दो बेटियों को घर में घुसकर पुलिस कर्मियों द्वारा बेरहमी से पीटा गया जिससे उनकी मौत हो गई। इस पूरे घटना क्रम में अपराधी पुलिस कर्मियों की अभी तक गिरफ्तारी तक नहीं हुई है। ललितपुर कांड और चंदौली कांड दोनों मामलों में पुलिस अभियुक्त हैं इसलिए पुलिस जांच में किसी को भी न्याय नहीं मिल रहा है।
इसी तरह कुछ और घटनाओं से आपको अवगत कराते हैं की प्रयागराज में एक परिवार के 5 लोगों की हत्या हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आप के गृह जनपद में एक माह में लगातार कई हत्याएं हो चुकी हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। थाने में बलात्कार हो रहा है, पुलिस वाले घर में घुसकर के बेटी की हत्या कर दे रहे हैं यह बेहद शर्मनाक है। वहीं ललितपुर में एक बार फिर आपकी बलात्कारी पुलिसिया तंत्र के अधिकारी ने यूपी की बेटी की अस्मिता के साथ खिलवाड़ किया है। एक महिला को थाने में आपके बलात्कारी पुलिसिया तंत्र के अधिकारी ने निर्वस्त्र करके पीटा। मुख्यमंत्री जी, आपको ज्ञात हो की ये हिंदुस्तान है, ना की तालिबान। मुख्यमंत्री जी, प्रदेश में ऐसी घटनाएं हो रही हैं जिन घटनाओं से उत्तर प्रदेश की छवि विश्व पटल पर धूमिल हो रही है, ‘जिसे आम आदमी पार्टी प्रदेश की जनता के साथ क़तई बरदाश्त नहीं करेगी।
आम आदमी पार्टी चाहती है की इन दोनों मामलों की उच्च न्यायालय की निगरानी में सीबीआई से जांच कराई जाए जिससे दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्यवाही हो।
इस अवसर पर पार्टी के निवर्तमान जिला अध्यक्ष राजीव कुमार यादव, संस्थापक सदस्य कीर्तिमान प्रकाश च्यवन एडवोकेट, तिलहर विधानसभा प्रभारी वी0डी0 शर्मा, कटरा विधानसभा प्रभारी सुखविंदर सिंह चौहान, महेंद्र चावला, विमलेश कुमार, मोहम्मद अहमद खान, चांद साबरी आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
