राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

नगर के बीचोबीच बस स्टैंड के पीछे गुरुवार की सुबह अचानक मोबाइल टावर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मोबाइल टावर को अपनी चपेट में ले लिया। आगजनी की घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और नगर पालिका को दी। आग किस वजह से लगी, इसका कारण अभी अज्ञात है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मोबाइल टावर के पास ही लगे जनरेटर में पहले आग पकड़ी और वह ऑपरेटर रूम में फैलते हुए टावर में जा पहुंची इस दौरान जनरेटर के डीजल टैंक में आग लगने के कारण वहां विस्फोटक स्थिति हो गई। हालांकि मौके पर पहुंची नगरपालिका की फायर ब्रिगेड ने 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग के कारण पूरे इलाके की बिजली भी बंद कर दी गई। आग इतनी भयानक थी कि उसके धुएं का गुबार काफी दूर से देखा जा सकता था।
