यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय बड़ा हैदरशाह में वार्षिक उत्सव समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर परिषद सभापति श्रीमती खुशबू सिंह ने कहा कि विद्यार्थी समाज की अमूल्य धरोहर है इनकी जरूरतों को पूरा करना शिक्षकों के साथ समाज की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने बेटियों पर जोर देते हुए कहा कि समाज व देश के विकास में शिक्षित बालिकाओं का अहम योगदान है। बालिकाओं के शिक्षित होने से उसकी रोशनी से दो घर रोशन होते है। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेटियां ही देश का भविष्य हैं, आज बेटियां हर क्षेत्र में तरक्की का नया अध्याय लिख रही हैं। आप लोगों को आने वाले समय में अपना लक्ष्य निर्धारित करके अपनी पढ़ाई करनी चाहिए और मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए। खुशबू सिंह ने कहा कि शिक्षा के लिए और स्कूलों के लिए हमारे से जो भी बन पड़ेगा हम हमेशा तत्पर रहेंगे। विद्यालय की जरूरतों को देखते हुए उन्होंने दोनों गेटों का निर्माण कराने और बाउंड्री वॉल को ऊंचा कराने और छात्राओं के लिए 6 टॉयलेट बनवाए जाने की घोषणा की।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती रागिनी अग्रवाल (धर्म पत्नी डॉक्टर के.के.अग्रवाल) ने विद्यालय विकास कोष में 5100 रुपए का अनुदान दिया। श्रीमती मृदुला जैन (धर्म पत्नी डॉक्टर सुभाष चन्द्र जैन ) ने आश्वासन दिया। विद्यालय परिवार की ओर से वर्ष का सर्वश्रेष्ठ टीचर का अवार्ड श्रीमती वीना पाराशर एवं मंत्रालयिक कर्मचारी राजकुमार तिवारी कार्यालय सहायक को बेस्ट मंत्रालयिक कर्मचारी का अवार्ड दिया गया। रामप्रकाश सहायक सफ़ाई निरीक्षक को उनकी विशिष्ट सेवाओं हेतु सम्मानित किया गया। मंच का संचालन वरिष्ठ अध्यापक मौहम्मद असलम ख़ान के निर्देशन में कक्षा नवी की छात्रा अंकिता और नीलम कुशवाह ने किया।विद्यालय परिवार एवं संस्था प्रधान राम दास गर्ग ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया और धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अपना आभार प्रकट किया।
