नरेंद्र कुमार, जामनेर/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

19 फरवरी को समूचे महाराष्ट्र में शिवाजी महाराज की जयंती को बड़े ही धूमधाम से मनाया गया. जयंती के ठीक पहले राज्य सरकार ने कोविड को लेकर जारी किए नियमों में छूट प्रदान की जिसके चलते तमाम शिव प्रेमियों में जयंती के आयोजनों को लेकर कमाल का उत्साह देखा गया. जलगांव जिले के सभी शहरों और गांवों में महाराज को अभिवादन किया गया. जामनेर में पूर्व मंत्री गिरीश महाजन ने नगराध्यक्षा साधना महाजन तथा सभी भाजपा पदाधिकारियों के साथ मिलकर छत्रपति शिवाजी महाराज को अभिवादन किया. इसी कड़ी में भगवा रैली का आयोजन किया गया था जिसमें सैकड़ों मोटरसाइकिलों पर भगवा ध्वज लहराता रहा. डॉ नंदलाल पाटील के यूनिट ने हर साल की तरह रक्तदान शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया. वाकी रोड स्थित शिव प्रतिष्ठान की ओर से शिवाजी महाराज की सजीव झांकी निकाली गई. इस रैली में ढोल नगाड़ों के लयबद्ध गुंजन का जिम्मा युवतियों ने संभाला. इस रैली में प्रतिष्ठान के सभी संचालक तथा स्वयंसेवकों ने अनुशासन का परिचय दिया. यावल तहसील के किनगांव स्वास्थ केंद्र की अधिकारी डॉ मनीषा महाजन ने वहां आयोजित शिवजन्मोत्सव समारोह में शिवाजी महाराज की प्रतिमा को सुमन अर्पित कर आरती की. जामनेर नेरी जिप गुट में NCP आबासाहब पाटील ने जयंती के उपलक्ष्य में पूरा पखवाड़ा शिवव्याख्यान का आयोजन किया जिसमें इतिहास विचारकों ने आम आदमी को शिवाजी महाराज के जीवनी से परिचित कराया.
