अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में आज नाबालिग बच्ची के साथ हुए अपराध में तत्काल शोर मचा कर लोगों को बुलाने वाली निर्भीक जागरूक महिला गायत्री भास्कर एवं पुलिस को सूचित करने वाली विजया पाटिल को भोपाल पुलिस की ओर से एसीपी निधि सक्सेना द्वारा पुष्पगुच्छ देकर थाना अशोका गार्डन में सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि
थाना अशोका गार्डन अंतर्गत सुभाष कालोनी में 58 वर्षीय राम अवतार वर्मा ने मोहल्ले की एक तीन वर्षीय बच्ची को खिलाने के बहाने उसके घर के सामने से ले जाकर एक बंद पडी दुकान में अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश कर रहा था। इसी बीच स्थानीय निवासी गायत्री भास्कर ने शोर मचा कर लोगों को इकट्ठा कर लिया। वहीं सुभाष कालोनी की विजया पाटिल ने डायल 100 पर फोन करके पुलिस को इस की सूचना दे दी तो तत्काल अशोका गार्डन पुलिस ने मौके पर पहुँचकर आरोपी को अभिरक्षा में लिया ।बाद में तीन बर्षीय बच्ची की माँ की ओर से धारा 363, 376, 377 भादवि तथा 5/6 पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
