छात्र नेताओं पर दर्ज मामला वापस न लिया तो कांग्रेस करेगी आन्दोलन, एसएसपी अमित सांघी को सौंपा ज्ञापन | New India Times

पवन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

छात्र नेताओं पर दर्ज मामला वापस न लिया तो कांग्रेस करेगी आन्दोलन, एसएसपी अमित सांघी को सौंपा ज्ञापन | New India Times

प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री रामनिवास रावत, विधायक डाॅ. सतीश सिकरवार व प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री सुनील शर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को कांग्रेसियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेसियों ने ज्ञापन देकर एसएसपी से छात्र नेताओं के खिलाफ पड़ाव थाने में दर्ज हत्या के प्रयास का मामला वापस लेने की मांग की। पूर्व मंत्री ने कहा कि छात्र नेताओं का इरादा एसआई दीपक गौतम को जलाने का नहीं था। यह घटना महज एक दुर्घटना है। अगर तीन दिन में जांच कर प्रकरण वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस चरणबद्घ आंदोलन चलाने के लिए मजबूर होगी।

विधायक सतीश सिकरवार ने ज्ञापन के माध्यम से एसएसपी को बताया कि लोकतंत्र में आए दिन विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम राजनीतिक दलों द्वारा किए जाते रहे हैं। पुतला दहन के दौरान कई बार जन प्रतिनिधियों के साथ भी गंभीर हादसे होते रहते हैं। एसआई के साथ घटी घटना भी हादसा है। किसी षड्यंत्र से यह घटना घटित नहीं हुई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर द्वेष पूर्ण रवैया अपनाते हुए 307 जैसा आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाना सरासर गलत है।

कांग्रेस ने एसएसपी से अनुरोध किया है कि तीन दिन में मामले की निष्पक्ष जांच कराकर प्रकरण को स्थगित किया जाए। अन्यथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा एसएसपी आफिस पर चरणबद्ध धरना, प्रदर्शन व आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में अलबेल सिंह घुरैया व अवधेश कौरव समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। विधायक ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रशासन ने इस मामले में जांच कराने का आश्वासन दिया है। कांग्रेस तीन दिन बाद आंदोलन की रूपरेखा तय करेगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर गलत तरीके से मामला दर्ज किया गया है। पूरी कांग्रेस पार्टी गरीबों और कार्यकर्ताओं की लड़ाई में साथ खड़ी है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version