वी.के.त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

धर्मसभा कॉलेज में सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, अबतक प्रशिक्षण में नदारद कार्मिकों की प्रशिक्षण हुई। प्रभारी डीएम अनिल कुमार सिंह स्वयं प्रशिक्षण स्थल धर्मसभा इंटर कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने करीब ढाई घंटा स्वयं जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 में उनकी भूमिका एवं कार्य दायित्व समझाए। सभी जोनल व सेक्टर के मजिस्ट्रेट के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है, जिसका फील्ड में कुशलता एवं विवेकपूर्ण तरीके से निर्वहन करें। जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेट अपनी आवंटित पोलिंग पार्टियों से समन्वय करके पूरी दक्षता से निर्वाचन प्रक्रिया को शुचिता के साथ संपन्न कराएंगे।
प्रभारी डीएम ने कहा कि सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों की सटीक जानकारी रखें। उन्होंने सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट को निर्वाचन में पीठासीन अधिकारी समेत पूरी पोलिंग पार्टी न केवल वर्किंग समझाई बल्कि सभी के कार्य दायित्व को पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के जरिए स्वयं रेखांकित किया। उन्होंने बुलेट यूनिट (बीयू), कंट्रोल यूनिट (सीयू) व वीवीपैट को जोड़ने, ऑन करने, मॉकपोल आदि के बारे में विस्तार से बताया साथ ही सवाल भी पूछे। चुनाव के दौरान किसकी क्या भूमिका है, क्या दायित्व हैं, कैसे एक-दूसरे को रिपोर्ट करेंगे। इसके लिए पूरी लिखित सामग्री दी गई है, उसको अच्छी तरह से पढ़ लें। उन्होंने मतदान में उपयोग होने वाली उन सभी सामग्रियों की जानकारी दी जिनके बिना मतदान संभव है।
प्रभारी डीएम ने कहा कि निर्वाचन से जुड़े सभी कार्यों को आसानी से और बेहतर तरीके से करने के लिए सबसे जरूरी यह है कि उसकी पूरी प्रक्रिया की जानकारी हो। इसलिए सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट यह सुनिश्चित कर लें कि उनके दायित्वों की जानकारी एकदम सही सटीक हो जाए। यदि कहीं भी कोई भ्रांति हो तो उसे बार-बार पूछें, लेकिन एकदम पुष्ट जानकारी होनी चाहिए। जितनी अच्छी जानकारी होगी, उतनी ही आसानी से किसी भी चुनाव प्रक्रिया को संपन्न करा पाएंगे।
इस दौरान प्रभारी अधिकारी प्रशिक्षण/पीडी केके पांडेय, डाइट प्राचार्य ओपी गुप्ता, आईटीआई प्रधानाचार्य वाईडी सिंह मास्टर ट्रेनर संजीव सक्सेना व बृजेश कुमार वर्मा सहित काफी संख्या में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।
