नरेंद्र कुमार, जामनेर/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

राज्य अबकारी विभाग के भुसावल डिवीजन का पदभार संभालने के बाद इंस्पेक्टर सुजित कपाटे के नेतृत्व में अवैध शराब भट्टियों और बिक्री पर ताबड़तोड़ कार्रवाईया की जा रही है. भुसावल और रावेर तहसील के सावतर निम्भोरा तथा निम्भोरा सिम गांवों में छापामारी की गई जिसमें 8800 लीटर केमिकल, 118 लीटर देसी मूल की बनावटी शराब पकड़ी गई. वहीं खानपान ढाबों पर अवैध तरीके से बेची जा रही 63 लीटर देशी शराब, 24 लीटर विदेशी शराब, 23 लीटर बियर समेत एक बाइक इस प्रकार से कुल 2 लाख 77 हजार 760 रुपयों का माल जब्त कर 3 लोगों को हिरासत मे लिया गया है. इस कार्रवाई में सुजित कपाटे के साथ अबकारी विभाग के राजेश सोनार, सत्यविजय ठेंगडे यावल, सागर देशमुख, मधुकर वाघ, विठ्ठल हाटकर आदि कर्मियों ने योगदान दिया. उत्पाद शुल्क की जिला अधीक्षक श्रीमती सीमा झावरे ने टीम में शामिल सभी कर्मियों की सराहना की है. अबकारी विभाग भुसावल के अंतर्गत मुक्ताईनगर, बोदवड, भुसावल, रावेर, यावल यह पांच तहसील क्षेत्र आते हैं. कपाटे ने बताया कि इसके आगे भी इसी तरह से हमारे विभाग के ओर से अवैध शराब निर्माण तथा बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी. कपाटे ने जनता से अपील की है कि अगर अवैध केमिकल शराब भट्टी, गैर कानूनी शराब बिक्री अथवा नशे से जुड़े किसी भी बेजा प्रकरण की कोई भी हरकत संज्ञान में आती है तो बेझिझक होकर अबकारी विभाग से संपर्क करें.
