मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकीत ख़ान खंडवा ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय हज नीति 2017-22 में बंद किये गए मध्यप्रदेश राज्य के शहर इंदौर,भोपाल के हज इम्बारकेशन पॉइंट (उड़ान के शुरुआती केंद्र) को दोबारा से शुरू किए जाने के लिये ऑल इण्डिया हज वेलफेयर सोसायटी आगामी 06 फरवरी 2022 को ज़िला बुरहानपुर म.प्र. में अंजुमन खुद्दाम उल हुज्जाज के दफ़्तर से शाही जामा मस्जिद बुरहानपुर के मुतावाल्ली एवं संस्था के संरक्षक हजरत सैयद तिलत तमजीद बाबा मियां की रहनुमाई में और संस्था की पदाधिकारियों की मौजूदगी में अपने पोस्ट कार्ड अभियान की शुरुआत करेगी। संस्था के प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी मतीन अजमल ने बताया कि इस अभियान के तहत केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री, अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम पोस्ट कार्ड लिख कर संबंधित मंत्रियों के दफ्तरों के पते पर भेजा जाएगा। इसी दिन से सोसायटी अपने हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत भी करेगी।
हज़रत सैय्यद अनवार उल्लाह बुखारी साहब का होगा इस्तक़बाल
सोसायटी आज ही के दिन शाही जामा मस्ज़िद के इमाम आली जनाब सैय्यद इक़राम उल्लाह बुखारी की रहनुमाई और मौजूदगी में उनके फ़रज़न्द हज़रत सैय्यद अनवार उल्लाह बुखारी साहब को हैदराबाद के जामिया निज़ामिया मदरसे से आलिम ए दीन की सनद हासिल करने पर उनका एजाज़ व इक़राम करेगी। गुलशन ए अदब लायब्रेरी में शायर शऊर आशना नवाज़े जायेंगे.
उर्दू अदब को बढ़ावा देने के लिये मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी की जानिब से बनाए गए बुरहानपुर केंद्र संयोजक ख्यातनाम शायर व मुस्लिम एजुकेशनल सोसायटी से जुड़े जनाब शऊर आशना का हज वेलफेयर सोसायटी, गुलशन ए अदब लायब्रेरी में एजाज़ व इक़राम करेगी।
जनाब फरीद सेठ से मुलाकात करेंगे पदाधिकारी
शहर की मुअज़्ज़िज़ शख़्सियत, समाजी कारकुन जनाब सैय्यद फरीद सेठ गुज़िश्ता दिनों अपने पैर के घुटने का ऑपरेशन करवाकर बुरहानपुर लौटे हैं उनकी मिज़ाज पुर्सी के लिये सोसायटी की टीम उनसे मुलाकात करेगी।
मशरूवाला फैमिली के घर बैठने जायेंगे मेम्बरान
ज़िला हज वेलफेयर सोसायटी यूनिट बुरहानपुर के सरगर्म रुक्न जनाब वकार अहमद के वालिद हाजी रशीद अहमद साहब मशरूवाला का गुज़िश्ता दिनों इंतकाल हो गया, सोसायटी के मेम्बरान वकार भाई के घर ताज़ियत के लिये जायेंगे।
सहारा बुक कलेक्शन सेंटर कायम करने पर होगा मशवरा
हज वेलफेयर सोसायटी की जानिब से हर ज़िलें में कायम किये जा रहै बुक कलेक्शन सेंटर (सहारा कुतुबखाना) के ताल्लुक से अंजुमन खुद्दाम उल हुज्जाज के दफ्तर में सोसायटी के ज़िम्मेदार बाबा मियाँ के साथ मशवरा करेंगे। उपरोक्त सभी कार्यक्रमों में मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों के प्रतिनिधि व पदाधिकारी अपनी सुविधानुसार सहभागिता करेंगे।
