अशफाक कायमखानी, ब्यूरो चीफ, जयपुर (राजस्थान), NIT:

प्रदेश की महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था राजस्थान लोकसेवा आयोग को नया अध्यक्ष व एक सदस्य इसी महीने मिलने की सम्भावना जताई जा रही है। सदस्य के लिये किसी अल्पसंख्यक को मनोनीत किया जा सकता है।
राजस्थान लोकसेवा आयोग की पूर्ण पीठ में भूपेन्द्र यादव के सेवानिवृत्त होने के बाद से अध्यक्ष का पद रिक्त चल रहा है। कार्यवाहक अध्यक्ष शिवसिंह राठौड़ का कार्यकाल भी इसी जनवरी महीने के आखिर में पूरा हो रहा है। दो पद के रिक्त होने के तहत नये अध्यक्ष व एक सदस्य का मनोनयन होने की सम्भावना जताई जा रही है। अगर कोई बडा उलटफेर नहीं हुआ तो एडीजी बी.एल सोनी या एम एल लाठर में से किसी एक को अध्यक्ष बनाया जा सकता है। जबकि एक सदस्य मुस्लिम समुदाय से बनाया जा सकता है। मुस्लिम समुदाय से एक आईएएस व एक आईपीएस का नाम चर्चा में बताते हैं। देखते है कि आखिरी मोहर मुख्यमंत्री किस पर लगाते हैं।
कुल मिलाकर यह है कि आरपीएससी अध्यक्ष के रुप मे बी.एल सोनी या एम एल लाठर के रुप में नया चेहरा देखने को मिलने के अलावा अबकी दफा एक सदस्य अल्पसंख्यक समुदाय से भी बनने की सम्भावना जताई जा रही है।
