अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा बड़े बाल एवं लंबी मूंछें रखने पर एक पुलिस कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित किए गए कांस्टेबल राकेश राणा भोपाल में पुलिस के मोटर ट्रांसपोर्ट पूल (एम टी पूल) में पदस्थ हैं।
मध्य प्रदेश पुलिस की सहकारी धोखाधड़ी और लोक सेवा गारंटी विंग द्वारा जारी निलंबन आदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। 7 जनवरी, 2022 को जारी आदेश में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) प्रशांत शर्मा के हस्ताक्षर हैं।
आदेश के अनुसार सहकारी धोखाधड़ी एवं लोक सेवा गारंटी शाखा के विशेष पुलिस महानिदेशक (डीजी) में पदस्थापित आरक्षक चालक राकेश राणा को अपनी मूछों को सही आकार में मुंडवाने का निर्देश दिया गया लेकिन उन्होंने निर्देश का पालन नहीं किया, इसलिए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जा रहा है।
आदेश में यह भी कहा गया है कि राणा ने अपनी मूंछें बेतुके तरीके से बढ़ा रखी हैं जो ‘बदसूरत’ लगती है। आदेश में कहा गया है कि इससे विभाग के अन्य कर्मचारियों पर भी गलत प्रभाव पड़ता है।
