अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
दिल्ली के मुख्य मंत्री श्री अरविन्द केजरीवाल कल 20 दिसम्बर को भोपाल में ‘परिवर्तन रैली’ को संबोधित करेंगे। इस रैली का आयोजन छोला मैदान में किया गया है। इस रैली में पूरे प्रदेश के आप कार्यकर्ता हज़ारो की संख्या में सम्मलित होंगे।
इस सम्बन्ध में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश संयोजक श्री आलोक अग्रवाल ने कहा कि कल की परिवर्तन रैली ऐतिहासिक होगी और इस परिवर्तन रैली से मध्य प्रदेश की राजनीतिक परिवर्तन की शुरुवात होगी।
*शिवराज की भृष्ट सरकार के खिलाफ होगा शंखनाद*
श्री अग्रवाल ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान सरकार के 11 वर्ष के कुशासन और भ्रष्टाचार के कारण आज मध्य प्रदेश की जनता त्राहि त्राहि कर रही है. नीचे से ऊपर तक भ्रष्टाचार फैला है. भूख, गरीबी, बेरोजगारी आम आदमी की कमर तोड़ रही है. कुपोषण से बच्चो की मौत हो रही है, किसान आत्महत्या कर रहा है. स्वास्थ्य व्यवस्थाएं जर्जर हैं, स्कूल बंद किये जा रहे है. मध्य प्रदेश महिला अत्याचार,बलात्कार, भ्रूण हत्या आदि के मामले में देश में सबसे आगे है. इस जन विरोधी व्यवस्था को बदलने का शंखनाद श्री केजरीवाल 20 की रैली में करेंगे।
*नोट्बंदी घोटाले का करेगे खुलासा*
नोटबंदी देश के इतिहास के 8 लाख करोड़ का सबसे बड़ा घोटाला है. किस तरह नोटबंदी के बहाने बड़े पूंजीपतियों को मोदी सरकार फायदा पहुँचा रही है और आम आदमी को लूटा जा रहा है इसका खुलासा केजरीवाल जनता के सामने करेंगे।
*दिल्ली की आम आदमी की सरकार के बेहतरीन कार्यों की होगी प्रस्तुति*
20 दिसम्बर की परिवर्तन रैली में अरविन्द केजरीवाल दिल्ली सरकार के बेहतरीन कामो जैसे बिजली के आधे दाम, मुफ्त पानी, अच्छी सरकारी शिक्षा, मुफ्त ईलाज, किसान मुआवजा और विश्व प्रसिद्ध मोहल्ला क्लिनिक को भी जनता के बीच रखेंगे।
*अरविन्द केजरीवाल के कार्यक्रम की जानकारी*
दिल्ली मुख्य मंत्री अरविन्द केजरीवाल कल 20 दिसम्बर को सुबह 07:25 की फ्लाइट से भोपाल आएंगे और लालघाटी स्थित रेस्ट हाउस पर रुकेंगे। छोला मैदान पर सभा के संबोधन के बाद शाम 07:05 की फ्लाइट से दिल्ली रवाना होंगे।
