मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री प्रवीण सिंह एवं मध्य प्रदेश शासन लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग भोपाल के निर्देशानुसार अर्वाचीन इंडिया स्कूल में 15 वर्ष से 18 वर्ष के विद्यार्थियों का जोश के साथ कोविड वैक्सिनेशन पूर्ण प्रोटोकॉल के साथ सम्पन्न हुआ। प्रातः से ही छात्र-छात्राएं अपने पालकों के साथ उत्साह से विद्यालय में उपस्थित थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बहुत शांति पूर्ण और व्यवस्थित तरीके से छात्रों के मनोबल को बढ़ाते हुए उनका टीकाकरण किया। उच्च-कक्षाओं के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपने छात्रों को स्वयं फोन पर सूचित कर वैक्सीन के महत्व को समझाते हुए उन्हें वैक्सीन लगवाने हेतु प्रेरित किया।
विद्यालय निर्देशिका श्रीमती राखी मिश्रा ने बताया कि हमने आज 98 प्रतिशत विद्यार्थियों को वैक्सीन लगवाया तथा छात्रों के लिए सब व्यवस्थाएं भी कर रखी थी। पालकों, शिक्षकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम के महत्वपूर्ण योगदान से यह कार्यक्रम बेहद सफल रहा। सचिव अमित मिश्रा ने इस अप्रत्याशित रूप से सफल टीकाकरण के लिए विद्यार्थियों, पालकों, शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग की टीम और कार्यालय कलेक्टर को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने अपील की है कि कोरोना के विरूद्ध इस लड़ाई में हम सब अधिक से अधिक संख्या टीकाकरण हेतु अपने आसपास सभी अभिभावकों से आग्रह करें कि अपने निकटतम केन्द्र में इस आयु वर्ग के अपने बच्चों को ले जा कर अवश्यक रुप से टीकाकरण करवाएं।
