रायपुरिया ही नहीं पेटलावद में भी की थी फर्जी पत्रकारों ने उगाही, हुआ दूसरा मुकदमा दर्ज, कई दिशाओं में जांच के लिए पुलिस को मिली रिमांड | New India Times

रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

रायपुरिया ही नहीं पेटलावद में भी की थी फर्जी पत्रकारों ने उगाही, हुआ दूसरा मुकदमा दर्ज, कई दिशाओं में जांच के लिए पुलिस को मिली रिमांड | New India Times

झाबुआ जिले के पेटलावद में कल्याणपुरा के रहने वाले दो फर्जी पत्रकारों के द्वारा रायपुरिय क्षेत्र के व्यापारी से पत्रकार बनकर और एसडीओपी के नाम पर अवैध वसूली करने के मामले में जहां रायपुरिया पुलिस के द्वारा नाटकीय ढंग से दोनों आरोपियों को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया था. फरियादी योगेश पिता मानमल जेन रायपुरिया की रिपोर्ट के आधार पर इन दोनों के खिलाफ रायपुरिया थाने में अपराध पंजीबद्ध कर लिया था।

अब पेटलावद में भी हुआ केस दर्ज

गुरुवार देर शाम इन्हीं आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना पेटलावद में भी एक नया प्रकरण दर्ज किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पेटलावद के व्यापारी मनोज पिता ज्ञानमल पटवा के द्वारा पेटलावद पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया की उनकी रायपुरिया रोड स्थित मंडी के पास दुकान पर उक्त दोनों आरोपियों के द्वारा घटना दिनांक 22.12 .2021 को शाम के 4:00 बजे जब फरियादी पेमेंट लेकर दुकान पर आया तो उन्होंने देखा कि उक्त दोनों व्यक्ति मेरी दुकान पर वीडियो फोटो बना रहे हैं, मैंने उनसे नाम पता पूछा तो अपना नाम चेतन पिता मोहनलाल चौधरी निवासी पंचालगली कल्याणपुरा और राजू पिता दादू लाल चौहान निवासी घाटी मोहल्ला कल्याणपुरा बताया. मैंने पूछा तो मेरी दुकान के वीडियो फोटो क्यों बना रहे हो तो दोनों बोले कि तुम सरकारी गेहूं की खरीदी करते हो मैं इंडिया टीवी का पत्रकार हूँ. उसने मुझे बोला कि हमें 20 हजार रुपये दे दो नहीं तो मैं तुम्हारे खिलाफ समाचार चला दूंगा तो तुम कहीं के नहीं रहोगे और इन लोगों के द्वारा धमकाकर ₹ 03 हजार की अवैध वसूली की गई है।

फरियादि मनोज पटवा की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस थाना में दिनांक 23.12.21 को एसडीओ पी सोनू डावर और थाना प्रभारी संजय रावत के नेतृत्व में उक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 384, 327, 34 में केस दर्ज करते हुए पुलिस थाने में इन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है।

पुलिस रीमांड पर आरोपी

वहीं रायपुरिया थाना प्रभारी अनिल बामनिया के द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि उक्त दोनों फर्जी पत्रकारों के संबंध में जांच करते हुए पुलिस के द्वारा शुक्रवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेशी के लिए उपस्थित किया गया और न्यायालय से इन दोनों की 2 दिन की रिमांड पूछताछ के लिए मांगी गई, न्यायालय के द्वारा दोनों ही आरोपियों को रायपुरिया पुलिस थाने को 2 दिन के लिए पूछताछ हेतु पुलिस रिमांड पर दे दिया गया है।

कई व्यापारियों पर बना रहे थे दबाव

फरियादियों से हुई चर्चा के अनुसार पूरे मामले में आरोपियों के द्वारा पेटलावद के व्यापारी मनोज पटवा के अलावा अन्य भी कई अनाज व्यापारियों से संपर्क करते हुए उनके वीडियो बनाकर रुपए की मांग करने का प्रयास करने की बात भी सामने आई है जिस पर पेटलावद पुलिस जांच करने की बात कह रही है।

पटवा का साहसिक कदम

पूरे मामले में पेटलावद के व्यापारी मनोज पटवा के द्वारा साहसिक कदम उठाते हुए अपराधिक मुकदमा आरोपियों के खिलाफ दर्ज करवाया है। वहीं इन लोगों को पकड़ने में भी पुलिस के साथ मनोज पटवा की महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई है और पूरे मामले में पुलिस के द्वारा योजनाबद्ध तरीके से आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

मीडिया संस्थानों से पुलिस कर रही है जांच पड़ताल

उल्लेखनीय है कि पुलिस इस मामले में दोनों ही पत्रकार जिस टीवी चैनल और पेपर से जुड़े होने की बात कर रहे हैं उन मीडिया संस्थानों से भी इन दोनों की अधिकृत प्रतिनधि की नियुक्ति के संबंध में जांच पड़ताल भी कर रही है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version