मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

नगरीय क्षेत्र में स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा जारी गाइड लाइन के अनुसार दो महिला सामाजिक कार्यकर्ता एवं दो पुरुष सामाजिक कार्यकर्ता को ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है।

विस्तृत जानकारी के अनुसार वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता श्री महेंद्र जैन, मुमताज महल फेस्टिवल के संस्थापक अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कलाकार श्री शहजादा मोहम्मद आसिफ खान गौरी, बोहरा समाज की वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता डॉ फौजिया फरहाना सोडावाला एवं वरिष्ठ समाज सेवी उषा अग्रवाल को नगर पालिका निगम बुरहानपुर ने स्वच्छता ब्रांड एम्बेसेडर नियुक्त किया है।

इस नियुक्ति से नगर के सामाजिक क्षेत्रों में हर्ष व्याप्त है। इस नियुक्ति पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों ने चारों लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है वही नवनियुक्त ब्रांड एंबेसडर स्नेह अपनी नियुक्ति पर शासन प्रशासन का आभार मानते हुए एकमत से अपनी राय दी है कि जिस मंशा भावना के अनुरूप हमें जो जिम्मेदारी सौपी गई है, उसे हम पूर्ण करने का प्रयास करेंगे और अपने ऐतिहासिक शहर को भारत के मानचित्र पर स्थापित करने का प्रयास करेंगे। चारों एंबेसडर ने नगर की जनता से अपेक्षा की है कि वे भी इस मुहिम में कंधे से कंधा मिलाकर इस पवित्र कार्य में भागीदार बने।
