अरशद आब्दी, ब्यूरो चीफ, झांसी (यूपी), NIT:

शासन के निर्देशानुसार शनिवार को जनपद के सभी थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शिवहरी मीणा ने समाधान दिवस की हकीकत परखने के लिए थाना नवाबाद का औचक निरीक्षण किया तथा फरियादियों की शिकायतें सुनकर उनका निस्तारण कराये जाने के निर्देश दिए। थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को रजिस्टर में दर्ज करने तथा समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश देते हुए रजिस्टर का निरीक्षण किया तथा प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को भी देखा, उन्होंने उपस्थित राजस्व कर्मी लेखपाल व कानूनगो को संबंधित शिकायतों का निस्तारण मौके पर कराए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि निस्तारण से शिकायतकर्ता का संतुष्ट होना भी आवश्यक है इसे अवश्य सुनिश्चित करें. उन्होंने थाना समाधान दिवस पर भूमि संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता से शिकायत का मौके पर परीक्षण करते हुए निस्तारण करने के निर्देश दिए। थाना नवाबाद में जिलाधिकारी ने उपस्थित शिकायतकर्ता, लेखपाल व पुलिस आरक्षीयों से कहा कि आप स्वयं कोरोना वैक्सीन लगवाएं तथा लोगों को भी कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करें। कोरोना अभी गया नहीं है बचाव ही इसका सही उपाय है, “दो गज दूरी मास्क है जरूरी” का पालन अवश्य किया जाए। उन्होंने उपस्थित कार्मिकों संवाद करते हुए अपील की कि आप अपने क्षेत्र में किसानों को खेत में आग लगाने से रोकें, उन्हें प्रेरित करें कि फसल अवशेष को गौशाला में दें। थाना समाधान दिवस थाना नवाबाद जिलाधिकारी श्री रविंद्र कुमार ने शस्त्र रजिस्टर का निरीक्षण किया और विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 के दृष्टिगत अब तक किए गए जमा शास्त्रों की समीक्षा की, उन्होंने निर्देश दिए कि शस्त्र जमा कराए जाने में तेजी लाएं। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन में गड़बड़ी फैलाने वालों ऍव असामाजिक तत्वों को चिन्हित करते हुए उन पर 107/16 की कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि क्षेत्र भ्रमण में ऐसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित अवश्य किया जाए जो निर्वाचन को दूषित कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अवैध कब्जे या भूमि संबंधित विवादों में प्रभारी निरीक्षक व राजस्व टीम साथ जाकर मौके पर शिकायत का परीक्षण करते हुए निस्तारण किया जाना सुनिश्चित करें। थाना नवाबाद में स्थापित महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया और किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त किया इस अवसर पर उन्होंने शिकायत रजिस्टर का निरीक्षण किया तथा दर्ज निस्तारित शिकायतों की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की, उन्होंने निर्देश दिए कि महिलाओं के साथ होने वाली छोटी से छोटी घटनाओं को भी गंभीरता से लेते हुए कार्यवाही सुनिश्चित करें। इस मौके पर वरिष्ठ अधीक्षक श्री शिवहरी मीणा सहित पुलिस व राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
