एआईसीसी नई दिल्ली द्वारा शहर बुरहानपुर सहित चार ज़िलों की कांग्रेस कमेटियों को किया गया भंग | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

एआईसीसी नई दिल्ली द्वारा शहर बुरहानपुर सहित चार ज़िलों की कांग्रेस कमेटियों को किया गया भंग | New India Times

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) नई दिल्ली की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सांसद केसी वेणुगोपाल के हस्ताक्षर से जारी एक प्रेस रिलीज के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी जबलपुर के अध्यक्ष पद पर जगत बहादुर सिंह (अन्नु) को तत्काल प्रभाव से नियुक्ति का अनुमोदन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी नई दिल्ली की राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा किया गया है। वहीं मध्य प्रदेश के खंडवा शहर एवं खंडवा ग्रामीण तथा बुरहानपुर शहर तथा बुरहानपुर ग्रामीण की जिला कमेटियों को भी तत्काल प्रभाव से भंग करने की पुष्टि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी दिल्ली की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी द्वारा की गई है। हाल ही में सम्पन्न हुए खंडवा संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा की जीत के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री अजय रघुवंशी के विरुद्ध की जा रही या कराई जा रही शिकायतों के परिप्रेक्ष्य में यह कयास लगाया जा रहा था कि अजय रघुवंशी के राजनीतिक प्रतिद्वंदी अब अजय रघुवंशी को इस पद से हटाकर ही दम लेंगे और उन्हें इस पद पर बने नहीं रहने देंगे। इसमें वह लोग भी शामिल हैं, जिन पर जिला कांग्रेस बुरहानपुर के अध्यक्ष आंख बंद करके भरोसा करते थे और वह लोग भी शामिल हैं जो उन के राजनैतिक प्रतिद्वंदी हैं। जिला कांग्रेस कमेटी बुरहानपुर के अध्यक्ष और उनके सियासी आपा और पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के विरुद्ध की जा रही शिकायतों के बाद एवं 18 साल तक जिला कांग्रेस कमेटी बुरहानपुर के अध्यक्ष के पद पर पदस्थ रहने के बाद बुरहानपुर खंडवा सहित दो शहरी और दो ग्रामीण क्षेत्रों की कांग्रेस कमेटी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। 18 साल तक बुरहानपुर शहर में कांग्रेस पार्टी को स्थापित करने का श्रेय, जहां श्री अजय सिंह रघुवंशी को जाता है, वहीं हालिया लोकसभा उपचुनाव में भितरघात के आरोप उन पर लगने के कारण और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के कट्टर समर्थक होने के कारण उन्हें इस पद से हटाया गया है। अजय रघुवंशी के समर्थकों ने उनके हटाए जाने पर जो प्रतिक्रिया दी है, उस के अनुसार उनके समर्थकों ने इसे अच्छा निर्णय नहीं बताया है। अध्यक्ष पद के हटाए जाने के बाद कांग्रेस की ओर से जो संभावित नाम सामने आ रहे हैं उसमें पूर्व विधायक हमीद क़ाज़ी के पुत्र नूर क़ाज़ी, बुरहानपुर के निर्दलीय विधायक ठाकुर सुरेंद्र सिंह शेरा भैया के भतीजे एवं यूथ आईकॉन हर्षित सिंह ठाकुर, बुरहानपुर विधायक के निकटतम डॉक्टर एस एम तारिक, वाजिद इकबाल, अकील औलिया, गौरी दिनेश शर्मा, एडवोकेट संतोष देवताले, फहीम हाशमी के नाम जिला अध्यक्ष पद के रूप में चर्चाओं में है। इनमें से या इनके अतिरिक्त पार्टी हाईकमान किस की ताजपोशी करता है यह तो आने वाला समय ही बताएगा। जानकारी के अनुसार पंचायत चुनाव के मद्देनजर शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में शहरी और ग्रामीण अध्यक्षों की शीघ्र नियुक्ति होने की संभावना बताई जा रही है। पार्टी किस का अवसर देती है यह तो आने वाला समय ही बताएगा।

By nit

Exit mobile version