ग्‍वालियर में बड़े भाई ने छोटे भाई और बहन को मारी गोली, दोनों की हालत गंभीर | New India Times

हिमांशु सक्सेना, ग्वालियर (मप्र), NIT:

ग्‍वालियर में बड़े भाई ने छोटे भाई और बहन को मारी गोली, दोनों की हालत गंभीर | New India Times

मुरार थाना क्षेत्र के नदी पार टाल क्षेत्र में एक युवक ने गुरुवार शाम को अपने छोटे भाई व बहन को गोली मार दी। बहन को तीन गोलियां लगी हैं। दोनों भाई बहन को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली मारने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। गोली मारने के पीछे प्रापर्टी का विवाद बताया जाता है। आरोपित के बारे में बताया जाता है कि उसके पिता की हत्या चाचा ने कर दी थी और बदला लेने के लिए उसने चाचा की हत्या कर दी थी और 18 साल जेल में भी रहा था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपित की तलाश कर रही है।

घटनाक्रम के मुताबिक नदी पार टाल इलाके में सोनू शर्मा अपने छोटे भाई 22 वर्षीय रवि शर्मा व 26 वर्षीय बहन पूनम शर्मा के साथ रहता है। गुरुवार शाम को घर में किसी तरह का विवाद हुआ और सोनू ने रवि व पूनम को गोली मार दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पूनम के पेट में गोली लगी है। गोली मारने के बाद आरोपित मौके से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

प्रापर्टी काे लेकर हुआ विवाद

सोनू के घर के आसपास के लोगों का कहना है कि झगड़ा संभवत: प्रापर्टी के विवाद को लेकर हुआ है। पुलिस भी जब मौके पर पहुंची तो घर में 15 कप रखे थे। जिन्हें देखकर लग रहा था कि हाल ही में उनमें चाय पी गई है। साथ ही कोई पंचायत भी घर में हुई है। इसके बाद संभवत विवाद हुआ और सोनू ने गोली मार दी।

चाचा की हत्या के आरोप में रहा 18 साल जेल में

सोनू के घर के पास में रहने वाले लोगों ने बताया कि प्रापर्टी के विवाद को लेकर सोनू के पिता की हत्या उसके चाचा ने कर दी थी। इसके बाद सोनू ने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए चाचा की हत्या कर दी थी। 18 साल जेल मे रहने के बाद करीब चार साल बाद वह जेल से बाहर आया था और तब उसकी शादी हुई थी और उसके एक बेटी भी है।

चार दिन पहले पत्नी को छोड़कर आया मायके

बताया जाता है आरोपित सोनू शर्मा चार दिन पहले ही अपनी पत्नी को उसके मायके छोड़कर आया था। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों का कहना था कि हो सकता है कि आरोपित ने पहले से घटना को लेकर प्लान बना रखा हो। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version