जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई टीईटी परीक्षा की तैयारी बैठक, 28 नवंबर को होगी परीक्षा, प्रथम पाली में 23 तो दूसरी पाली के लिए बने 15 केंद्र | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई टीईटी परीक्षा की तैयारी बैठक, 28 नवंबर को होगी परीक्षा, प्रथम पाली में 23 तो दूसरी पाली के लिए बने 15 केंद्र | New India Times

शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) शूचितापूर्ण ढंग से 28 नवंबर को आयोजित करने के लिए प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। जिले में टीईटी परीक्षा के लिए 23 केंद्र बनाए गए हैं। इसे लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में तैयारी बैठक हुई।जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि 28 नवंबर को दो पाली में यह परीक्षा होगी। प्राथमिक स्तर की परीक्षा प्रथम पाली में सुबह दस से 12:30 बजे तक तथा उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा द्वितीय पाली में दोपहर 2:30 से पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा वस्तुपरक, बहुविकल्पीय प्रश्नों वाली होगी। प्रथम पाली के लिए 23 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 12698 अभ्यर्थी शामिल होंगे। द्वितीय पाली की परीक्षा 15 केंद्रों पर होगी। इसमें 8035 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने हेतु परीक्षा केंद्रों को 07 सेक्टर में बांटा गया है। जिसमें मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गई। जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा पर्यवेक्षक की तैनाती एवं सचल दलों का गठन किया है। परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का प्रयोग करने या किसी अन्य के स्थान पर परीक्षा देने वाले के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।बैठक में जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षकों सहित परीक्षा से जुड़े अफसरों के कार्य दायित्व बताएं। परीक्षा को नकलविहीन, शुचिता पूर्ण संपन्न कराने का मंत्र दिया। वही परीक्षा के संबंध में जो भी दिशा निर्देश दिए गए हैं उनका पूर्णतया अनुपालन किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रवेश के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग हो एवं परीक्षार्थियों की तलाशी प्रॉपर होनी चाहिए। प्रत्येक परीक्षा केंद्र की ऑडियो वीडियो रिकॉर्डिंग एवं वेबकास्टिंग भी होगी। जिसे कंट्रोल रूम जिला मुख्यालय एवं प्रदेश स्तर से सघन मॉनिटरिंग की जाएगी।डीआईओएस ओपी त्रिपाठी ने बताया कि सभी केंद्र व्यवस्थापक 27 नवंबर को परीक्षा की व्यवस्था पूर्ण कराकर उन्हें रिपोर्ट करेंगे। परीक्षा केंद्र का गेट परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले खोला जाएगा। परीक्षा हॉल में प्रवेश वेबसाइट से डाउनलोड किया गया प्रवेश पत्र में फोटोयुक्त आईडी एवं प्रशिक्षण प्रमाणपत्र अथवा रजिस्ट्रार या सक्षम अधिकारी द्वारा इंटरनेट से प्राप्त अंकपत्र की प्रमाणित प्रति देखकर ही दिया जाएगा। इन प्रपत्रों के अभाव में किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं होगी। डीआईओएस ने सभी परीक्षार्थियों से अपील करते हुए कहा कि परीक्षा के नियत समय से कम से कम एक घंटा पूर्व अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं ताकि किसी भी विषम स्थिति से बचा जा सके। यह भी अपील की कि परीक्षार्थी मोबाइल, घड़ी एवं अन्य किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को कदापि परीक्षा केंद्र पर लेकर नहीं आएं उन्हें घर पर ही रख कर आएं।
अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन कसेगा शिकंजा। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि परीक्षा के संबंध में यदि कोई भी अफवाह फैलाता है तो उसे चिन्हित करते हुए प्रशासन एफआईआर दर्ज कराकर जेल भेजेगा। यदि क्वेश्चन पेपर का कोई भी सेट व्हाट्सएप के जरिए उन्हें भेजें तो उसे फारवर्ड कदापि न करें बल्कि इसकी सूचना सीधे जिला विद्यालय निरीक्षक एवं डीएम के सीयूजी नंबर पर दें। प्रशासन प्रश्न पत्र भेजने वाले पर एफआईआर दर्ज कराएगा।
डीआईओएस ऑफिस में दो शिफ्ट में चलेगा कंट्रोल रूम। उप्र शिक्षक पात्रता परीक्षा 2021 नकल विहीन, शुचितापूर्ण, शांतिपूर्ण एवं सफल संचालन हेतु डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो प्रातः 9:30 से 1:00 बजे तक एवं 2:00 से शाम 5:30 बजे तक क्रियाशील रहेगा। इसमें राजकीय हाई स्कूल कट्कुसमा के प्रधानाचार्य हयात अली अंसारी 9795333577, डीआईओएस कार्यालय के वरिष्ठ सहायक राजेश कुमार मिश्रा 9450177773, एवं सुरेंद्र कुमार भारती 6307148861 की ड्यूटी लगाई गई है।
इन परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा। जीजीआईसी, जीआईसी, भगवानदीन आर्य कन्या इंटर कॉलेज, भगवानदीन आर्य कन्या पीजी कॉलेज, अबुल कलाम आजाद इंटर कॉलेज, गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज, गुरु नानक इंटर कॉलेज, गुरु नानक विधिक सभा बालिका इंटर कॉलेज, अजमानी पब्लिक स्कूल, सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज, आदर्श विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, कृषक समाज इंटर कॉलेज फतेपुर, आदर्श जनता इंटर कॉलेज देवकली, धर्म सभा इंटर कॉलेज, डॉ भीमराव अंबेडकर इंटर कॉलेज, पीके इंटर कॉलेज, वाईडी पीजी कॉलेज, सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर यूपी बोर्ड एवं सीबीएसई बोर्ड व कुँवर खुसवक्तरॉय बालिका इंटर कॉलेज।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version