अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

कोविड 19 टीकाकरण और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से कल सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के रीजनल आउटरीच ब्यूरो, पटना द्वारा 7 जागरूकता रथों को राज्य के 18 जिलों में 20 दिनों के लिए रवाना किया जाएगा।
बिहार सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क तथा जन संसाधन मंत्री संजय कुमार झा कल अपने आवास 11 स्ट्रैंड रोड से सुबह 10:30 बजे इन 7 जन जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
मौके पर प्रेस इनफार्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) एवं रीजनल आउटरीच ब्यूरो (आरओबी), पटना के अपर महानिदेशक एस के मालवीय, निदेशक विजय कुमार, पीआईबी के निदेशक दिनेश कुमार, सहायक निदेशक संजय कुमार सहित मंत्रालय के पटना स्थित विभिन्न मीडिया ईकाइयों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे।
जागरूकता रथ को मुख्य रूप से बिहार के अल्पसंख्यक, नक्सल प्रभावित, सीमावर्ती, एस्पीरेशनल जिलों तथा जहां कम टीकाकरण हुए हैं, वहां पर चलाया जाएगा। जागरूकता रथ के माध्यम से लोगों को टीके के दोनों डोज लेने तथा अन्य केंद्रीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
इसके साथ ही सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पंजीकृत सांस्कृतिक दलों के द्वारा 18 जिलों के विभिन्न प्रखंडों में 140 जागरूकता कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
सांस्कृतिक दल नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत, मैजिक शो के माध्यम से कोविड 19के टीकाकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक करेंगे।
जिन 18 जिलों में जागरूकता रथ और सांस्कृतिक दलों के कार्यक्रम होने हैं उनमें औरंगाबाद, अरवल, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सुपौल, अररिया, कैमुर, रोहतास, खगड़िया, कटिहार, किशनगंज, लक्खीसराय, शेखपुरा और जमुई शामिल हैं।
