हिमांशु सक्सेना, ग्वालियर (मप्र), NIT:

ग्वालियर के चीनोर स्थित छीमक में असामाजिक तत्वों ने भीमराव आंबेडकर की मूर्ति के हाथ तोड़ दिए जिस के कारण भीम आर्मी के सदस्यों ने स्थानीय लोगों के साथ मिल कर हंगामा खड़ा कर दिया। नाराज़ भीम आर्मी ने चौराहा पर जाम लगा दिया और थोड़ी ही देर में तनाव बढ़ गया और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम एवं एसडीओपी सहित काफी मात्रा में फोर्स को छीमक के देवरा रोड पर तैनात किया गया।

पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को संभाला। अंत में पुलिस द्वारा नई मूर्ति बनवाने और आरोपियों पर एफआईआर की बात कहे जाने पर प्रदर्शन कर रहे लोग शांत हुए और चक्काजाम साफ़ किया। रविवार रात को पुलिस द्वारा इस मामले में दो एफआईआर भी दर्ज की गईं हैं। एक एफआईआर मूर्ति तोड़ने वाले अज्ञात आरोपीयों पर और एक एफआईआर जाम लगाकर कोविड गाइडलाइन का उल्लघंन करने वालों पर हुई है।
