यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

धौलपुर जिले में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष पंचायत चुनाव सम्पन्न कराने के लिए पुलिस की तैयारियों को लेकर भरतपुर रेंज पुलिस महा निरीक्षक प्रसन्न कुमार खमेसरा ने पुलिस लाइन के सेमिनार कक्ष में पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए है. महानिरीक्षक पुलिस ने बैठक के दौरान जिले के समस्त वृत्ताधिकारियों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराने के लिए पूरी सजगता एवं तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए. चुनाव में शांति व्यवस्था बनाए रखने, चुनाव में माहौल बिगाड़ने वालोें के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रत्याशी यदि किसी मतदाता को अपने पक्ष में वोट के लिए डराता, धमकाता या प्रलोभन देता है तो उसके खिलाफ कार्यवाही करावें। शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराने के लिए भारी संख्या में जाप्ता लगाया जा रहा है. सभी वृत्ताधिकारियों को केस डायरियों को ऑनलाइन करने एवं परिवादियों को अच्छी तरह से सुनने व उनके उचित निस्तारण करने की हिदायत दी गई जिससे परिवादियो को इधर उधर नहीं भटकना पडे. इसके साथ ही महानिरीक्षक पुलिस भरतपुर, पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत के निर्देशन में CCTNS में ऑनलाइन कार्य, बडे पैमाने पर अवैध हथियारों की धडपकड सहित इनामी बदमाशों के खिलाफ की कई कार्यवाहियों के लिए प्रशंसा करते हुए कहा कि धौलपुर पुलिस बेहतरीन वर्क कर रही है. पिछले दिनों चम्बल लिफ्ट परियोजना के गोदाम में रखे प्लास्टिक के पाइपों में लगी भीषण आग के दौरान पुलिसकर्मियों ने सराहनीय कार्य करते हुए पाइपों को बचाया.
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत ने कहा कि जिले में शांतिपूर्ण, निर्भीक एवं निष्पक्ष पंचायत चुनाव कराना धौलपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है इसके लिए सभी आवश्यक बंदोबस्त कर लिए गए हैं, संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष चौकसी रखी जाएगी. बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बच्चन सिंह मीणा, समस्त वृत्ताधिकारीगण धौलपुर, अपराध सहायक सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे.
