यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

धौलपुर जिला कलेक्टर राकेश कुमार जायसवाल के निर्देशन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद चेतन चौहान के मुख्य आतिथ्य एवं सीडीईओ धौलपुर मुकेश कुमार गर्ग की अध्यक्षता में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस का आयोजन कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पुरानी छावनी में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बालिकाओं के अधिकारों पर चर्चा कर कन्या भ्रूण हत्या एवं अन्य अपराधी गतिविधियों पर अंकुश लगाने पर चर्चा कर बालिका उत्थान हेतु सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। पूर्व प्राचार्य विधि महाविद्यालय डॉ तलत फातिमा ने मिशन बुनियाद पर विचार साझा करते हुए बालिकाओं की सेना में भागीदारी एवं बालिका शिक्षा पर अपने विचार रखे। उन्होंने जिला कलेक्टर राकेश कुमार जायसवाल की सराहना करते हुए कहा कि जिले में बालिकाओं को बढ़ावा देने के लिए आत्म रक्षा सहित कई महत्वपूर्ण नवाचार किये है। उन्होंने बच्चियों के उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मुझे नारी होने पर गर्व है। सीडीईओ मुकेश गर्ग ने कार्यक्रम में पधारे हुए अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि बेटियाँ प्रत्येक परिवार के लिए अनमोल धरोहर के समान है। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक प्रयास किये जाने चाहिए। उन्होंने जिला कलेक्टर द्वारा चलाये गए किशोर किशोरी स्वास्थ्य जागरूकता एवं आत्म रक्षा प्रशिक्षण की सराहना की। डीडी आईसीडीएस भूपेश गर्ग ने कहा कि बेटियां किसी क्षेत्र में पीछे नहीं रही। उन्होंने दिव्यांग अरुणिमा सिन्हा और अवनी लखेरा का उदाहरण देकर बालिकाओं को प्रेरित किया। प्रधानाचार्य मदन लाल शर्मा ने बेटियों पर आधारित कविता सुना कर उत्साहवर्धन किया। बालिकाओं के द्वारा कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बालिकाओं ने अलग अलग मॉडल बनाकर एवं स्टॉल लगाकर नवाचार प्रदर्शन का कार्य किया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को नगद पारितोषिक एवं प्रतीक चिन्ह पानी की बोतल देकर सम्मानित किया गया। जिसमें कक्षा 6 से 8 श्रेणी प्रथम के अंतर्गत प्रथम स्थान अब्दुलपुर बाड़ी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं उर्मि, सानिया, खुशी, निमि, खुशबू एवं द्वितीय स्थान कीर्ति गर्ग व कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय मरेना की छात्रा जुली व रश्मि ने प्राप्त किया। अन्य प्रतियोगिता में जगह बनाने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महात्मा गांधी पुरानी छावनी राघवेंद्र, कार्यक्रम अधिकारी केके गर्ग, अम्बाशंकर चौधरी, प्रशिक्षक आत्मरक्षा अरुणा शर्मा, दुर्गावती राणा सहित अन्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अनिल मिश्रा ने किया।
