मेहलका इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

शिवसेना की इंदौर संभाग के प्रमुख पंडित आशीष शर्मा, अखिल भारतीय, हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सुगंधी, शिवसेना की शाहपुर व्रत के तहसील प्रमुख राजू पी जाधव ने कलेक्टर बुरहानपुर और एसपी बुरहानपुर को एक हस्तलिखित ज्ञापन देते हुए गांधी चौक की 2008 में जली दुकानों को दोबारा बनाने की मांग की है। शिवसेना की इंदौर संभाग के प्रमुख पंडित आशीष शर्मा ने आरोप लगाया कि बुरहानपुर नगर के गांधी चौक में वर्ष 2008 में इंसानियत के नाम पर लगाए गए कलंक और साजिश के तहत जलाई गई दुकानों को लेकर कोई भी सत्ताधारी दल आज तक नहीं बनवा सका। नगर के सांप्रदायिक सौहार्द की हत्या करने वाले महिमामंडित होते रहे और जिनकी दुकाने जल कर खाक हुई वह खून के आंसू रोते रहे, जिन्हें पोंछने की बजाए पुनः कुटिल षडयंत्र के साथ जली दुकानों के स्थान पर प्रशासन द्वारा लगाई गई तार फेंसिंग चोरी छिपे काटकर गायब की जा रही है और ठेला गुमटी लगाकर अवैध कब्जा करने की अराजक समाजविरोधी तत्वों द्वारा कोशिश जारी है।

शिवसेना इंदौर संभाग प्रमुख पंडित आशीष शर्मा ने जिलाधिकारी के समक्ष कड़े शब्दों में अराजकता फैलाकर नगर की शांति भंग करने वाले साज़िश कर्ताओं के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की मांग करते हुए दुकानों के विवादित स्थल के संरक्षण तार फेंसिंग की मांग की है। वहीं अखिल भारतीय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सुगंधी ने बेरोजगार, बर्बाद हुए दुकानदारों को पुनः स्थापित करने के लिए प्रशासन के माध्यम से दुकानों के निर्माण की मांग रखी है। इस अवसर पर शिवसेना जिला कार्यकारिणी वरिष्ठ सदस्य शांतिलाल राठौर, शाहपुर तहसील प्रमुख राजू जाधव, युवा सैनिक वैभव मोदी, दीपक चौधरी आदि उपस्थित रहे।
