हिमांशु सक्सेना, ग्वालियर (मप्र), NIT:

गौरवशाली भारतवर्ष के 75 वें स्वतंत्रता दिवस पर जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने एसएएफ मैदान में मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया। इसके बाद श्री सिलावट ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया साथ ही पुलिस, एसएएफ एनसीसी की परेड का निरीक्षण किया। हालांकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बाढ़ की विभीषिका को देखते हुए रद्द कर दिया गया था। इसलिए स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम काफी सादगी से हुआ।
घनी हरीतिमा की चादर ओढ़े खड़ीं मनोरम पहाड़ियों के बीच स्थित एसएएफ मैदान पर स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया गया। प्रभारीमंत्री तुलसीराम सिलावट इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम में अफसरों के साथ साथ शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद थे। कार्यक्रम को पूरी तरह से कोविड गाइड लाइन के पालन के अनुरूप व्यवस्थित किया गया था.
