गुलशन परूथी, ब्यूरो चीफ, दतिया (मप्र), NIT:

गृह, जेल, संसदीय कार्य एवं विधि विधायी मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र बाढ़ से प्रभावित हुए लोगों की दु:ख- तकलीफ दूर करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिले के डबरा विकासखण्ड के बाढ़ प्रभावित ग्राम चाँदपुर पहुँचे। इस अवसर पर उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि सरकार आपदा की इस घड़ी में आप सबके साथ है। बाढ़ से हुए नुकसान के सर्वे का काम जारी है, जल्द ही आप सबको राहत वितरित की जायेगी। उन्होंने डबरा एसडीएम को जल्द से जल्द सर्वे का काम पूरा कराने के निर्देश दिए। डॉ. मिश्र ने कहा कि बाढ़ में जिन लोगों के मकान नष्ट हो गए हैं उन सभी के नए मकान बनाने के लिये सरकार एक लाख 20 हजार रूपए की राशि देगी साथ ही राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के तहत अन्य प्रकार के नुकसान की भरपाई भी सरकार करेगी।
