अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री अरूण यादव बुधवार को विदिशा एवं रायसेन पहुंचे जहां उन्होंने भारी भरकम बिजली बिल, कर्ज बोझ, फसल का उचित मूल्य न मिलने के कारण, जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने वाले किसानों के परिजनों से मुलाकात की। श्री यादव ने मृतक किसान परिवारों में पहुंचकर उन्हें सांत्वना दी। परिजनों को तौलिया उड़ाकर उनके दुःख में सहभागी बने और किसानों के बीच दृढ विश्वास के साथ कहा कि पार्टी किसानों की लड़ाई में हमेशा उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हुई थी, है और रहेगी। श्री यादव ने शोकाकुल किसान परिजनों को आर्थिक सहायता के रूप में चेक भी प्रदान किये।
श्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार की किसान विरोधी नीतियों के चलते प्रदेश का किसान काफी पीड़ाओं को भोग कर अपना जीवन यापन कर रहा है। जब से राज्य में भाजपा सत्ता पर काबिज हुई है, प्रतिदिन औसतन तीन किसान आत्महत्या कर रहे हैं। प्रदेश का किसान कभी भारी भरकम बिजली बिलों, तो कभी कर्ज बोझ तो कभी फसल बीमा, फसल मुआवजा, प्राकृतिक आपदा, तुषार-पाले का शिकार हो रहा है तो कभी खाद-बीज की किल्लत से जूझ रहा है। श्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार पर नौकरशाही इतनी हावी हो गई है कि उनमें किसानों के प्रति जरा भी दया नजर नहीं आ रही है। किसानों की समस्याओं के प्रति सरकार पूरी तरह से वेखबर बनी तमाशा देख रही है।
श्री यादव ने कहा कि प्रदेश के मुखिया श्री शिवराजसिंह चौहान उपवास का ढोंग कर किसानों का उपहास उड़ा रहे हैं। किसानों द्वारा लगातार आत्महत्या जैसे अप्रिय कदम उठाये जाने के बावजूद अधिकारियों द्वारा मंडियों में किसानों के साथ खिलवाड़ और छलावा किया जा रहा है। किसानों की हजारों क्विंटल प्याज मंडियों के पास लंबी कतारों में खुले में रखी हुई है, जिसकी खरीदी नहीं हो पा रही है। उचित मूल्य न मिलने से किसान प्याज मंडियों में ही फेंक कर जा रहा है। मंडियों में सब्जी की आवक भी 50 प्रतिशत कम हो गई है। श्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार अब भी नहीं चेती तो उसको किसानों द्वारा की जा रही आत्महत्याओं का खामियाजा भुगतने के लिए तैयार रहना होगा।
