ग्वालियर में शराब ठेकेदार के बेटे ने दुश्मनों को फंसाने के लिए अपने दोस्तों से खुद पर ही चलवाई थी गोलियां | New India Times

हिमांशु सक्सेना, ग्वालियर (मप्र), NIT:

ग्वालियर में शराब ठेकेदार के बेटे ने दुश्मनों को फंसाने के लिए अपने दोस्तों से खुद पर ही चलवाई थी गोलियां | New India Times

ग्वालियर के अचलेश्वर मंदिर चौराहा के पास सोमवार को शराब ठेकेदार के बेटे पर दिनदहाड़े फायरिंग करने की वारदात का पुलिस ने 48 घंटे में ही पर्दाफाश कर दिया है। इस वारदात का मास्टर माइंड ठेकेदार का बेटा ही निकला, जिसने दुश्मनों को फंसाने के लिए खुद पर हमले की साजिश रची थी लेकिन एक छोटी सी चूक ने पूरा खेल बिगाड़ दिया। 48 घंटे में पुलिस ने ठेकेदार रिंकू शिवहरे के बेटे अन्नू को गिरफ्तार कर पूरी कहानी का खुलासा किया है। अन्नू ने दुश्मनों को फंसाने के लिए खुद पर हमले की झूठी साजिश रची लेकिन हमला हकीकत में कराया गया। इससे हर सबूत और गवाह मौके पर मौजूद रहे। फिलहाल अन्नू सहित इस मामले में दो आरोपी पकड़े जा चुके हैं बाकी की तलाश की जा रही है।

ऐसे चलाया गया था घटनाक्रम

गांधीनगर निवासी अन्नू शिवहरे शराब ठेकेदार रिंकू शिवहरे का बेटा है। सोमवार शाम झांसी रोड थाना पुलिस को उसने खुद पर हमला होने की सूचना दी थी। अन्नू ने पुलिस को बताया था कि गर्मी अधिक होने पर वह अचलेश्वर मंदिर चौराहा पर अपनी कार से आया था। वहां उसने जूस लिया और कार में AC चलाकर पीने लगा। उसी समय तीन बाइक पर सवार होकर आए छह से आठ बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले कार के कांच तोड़े। इसके बाद तीन से चार गोलियां हवा में चलाईं। फिर एक गोली कार की तरफ मारी, जो कार के कांच में लगी। इसके बाद हमलावर हवा में कट्‌टे लहराते हुए भाग गए। दिनदहाड़े खुलेआम सड़क पर दहशत फैलाने व गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हमला करने वालों की पहचान गोलू तोमर और सारांश तिवारी के रूप में की गई। पुलिस ने दोनों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

फुटेज से ही खुली हमले की पोल

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में वारदात की पुष्टि होने के आधार पर गोलू और सारांश के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था, लेकिन बाद में दूसरी फुटेज से ही इस पूरे मामले की पोल खुल गई। दरअसल, जब पुलिस ने गोलू और सारांश की तलाश शुरू की तो गोलू तोमर के परिजन उसे लेकर एसपी ऑफिस पहुंच गए। परिजन ने एसपी को बताया कि जिस समय अन्नू हमले की बात कह रहा है उस समय गोलू भिंड में था। वहां कार्यक्रम के फुटेज, रास्ते पर टोल के फुटेज दिखाए। इसके बाद पुलिस का माथा ठनका। पुलिस ने स्पॉट के सीसीटीवी फुटेज बारीकी से चेक किए। एक हमलावर बंटी भदौरिया की पहचान हुई। वह अन्नू का दोस्त है। पुलिस ने बंटी को उठाया तो उसने थाने में इस फिल्मी और फेक हमले की पूरी पोल खोल दी। उसने बताया कि शराब ठेकेदार के बेटे अन्नू शिवहरे की गोलू तोमर व सारांश से दुश्मनी थी। मेरा भी इनसे झगड़ा था। इसलिए अन्नू के कहने पर हमने यह झूठा हमला अपने ही दोस्तों से करवाया। इन दोनों से उसकी क्लब हाउस में बहस हुई थी, इसलिए वह इनको सबक सिखाना चाहता था। पूरी कहानी बंटी से खुलने के बाद झांसी रोड थाना पुलिस ने अन्नू को बयान के बहाने बुलाकर हिरासत में ले लिया है। पुलिसिया अंदाज में पूछताछ में उसने भी पूरी घटना कुबूल की है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article