पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश में आज 21जून से कोरोना टीकाकरण महाअभियान के अन्तर्गत ग्राम रायपरिया में भी टीकाकरण शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें विशेष रूप से युवाओं ने टीके लगवाने में विशेष रूचि दिखाई। टीका लगवाने आये प्रथम व्यक्ति का स्वागत हार पहनाकर किया गया।पंचायत बोधवाड़ा सचिव भेरूलाल दाहोदिया, रोजगार सहायक मनोहर सिंह राठौर, जन अभियान परिषद वाॅलेन्टियर अरविन्द सिंह राठौर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा कार्यकर्ता एवं प्रेरकों द्वारा एक दिवस पूर्व ही टीकाकरण हेतू जनजागरूकता रेली निकाली गई थी और घर-घर पीले चावल देकर निमंत्रण दिया गया था व लोगों के मन में व्याप्त भ्रांतियों को दूर किया गया जिसका परिणाम यह हुआ कि गांव अब शतप्रतिशत टीकाकरण के नजदीक है और शिविर में आज 100 टीके का लक्ष्य था किन्तू व्यापक प्रचार-प्रसार होने से टीके लगवाने वालों की संख्या अधिक होने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर 50 अतिरिक्त टीकाकरण की व्यवस्था की गई।

इस प्रकार 151 लोगों का टीकाकरण सम्पन्न हुआ साथ ही दिव्यांगों को चिन्हित कर प्राथमिकता के साथ टीकाकरण करवाया गया। शिविर स्थल को आकर्षक बनाने हेतू विशेष रूप से सजावट भी की गई. इस अवसर पर महिला बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित अनेक विभाग के अधिकारी भी उपस्थित हुए। अरविन्द सिंह राठौर द्वारा बताया गया कि व्यापक प्रचार और लोगों में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने से इस टीकाकरण अभियान को गति मिली है। “मेरा टीका, मेरी सुरक्षा” समझकर सभी ने टीकाकरण कराया। आगे भी शतप्रतिशत टीकाकरण हेतू ग्रामीणजनों को टीका लगवाने हेतू जागरूक करते रहेंगे।
यह जानकारी अरविन्द सिंह राठौर द्वारा दी गई है।
