मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव में भाजपा मंडल अध्यक्ष व समस्त पार्षदों द्वारा वार्ड 3 में जल भराव, वार्ड 3 की ही नवनिर्मित कल्पना कॉलोनी की मूलभूत सुविधाओं व भाजपा पार्षदों के वार्डों के निर्माण कार्यो और जनसमस्याओं के लिए कांग्रेसनीत नगरपालिका के समक्ष भाजपा के पार्षदों सहित मंडल अध्यक्ष को धरना प्रदर्शन का सहारा लेना पड़ा था।
धरना प्रदर्शन के बाद आज नगर पालिका ने वार्ड नंबर 3 की नाली निर्माण का भूमि पूजन सभी पार्षदों व नगर पालिका अमले के साथ वार्ड 3 की पार्षद रंजना सलोडे और नपा अध्यक्ष पुष्पा साहू व वार्डवासियों की विशेष उपस्तिथि में किया गया। भाजपा पार्षदों द्वारा कांग्रेसनीत नपा पर अपने वार्डों के कार्यों के लिए निरंतर प्रयास किया जाता रहा परन्तु द्वेषपूर्ण भाव के कारण भाजपा पार्षदों के वार्डों में कार्य स्वीकृत होने के बाद भी नहीं कराया जाता है, इस बात से नाराज सभी भाजपा पार्षद व भाजपा मंडल अध्यक्ष नवजीत मोनू जैन अचानक नगर पालिका के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए थे जिससे पूरे प्रशासन में हड़कंप मच गया जिसकी जानकारी एसडीएम मधुवंत राव धुर्वे को लगते ही वह भी धरना स्थल पर पहुंच गए. एसडीएम को सभी पार्षदों ने अपनी मांगों के विषय व उनके साथ हो रहे दुर्भावनापूर्ण रवैये से अवगत कराया. मंडल अध्यक्ष ने एसडीएम को वार्ड 3 के जलभराव समस्या और मूलभूत सुविधाओं से वंचित कल्पना कॉलोनी का निरीक्षण करने को कहा, स्वयं एसडीएम द्वारा निरीक्षण कर मौका स्थल पर ही नपा सीएमओ सत्येंद्र सलवार और कर्मचारियों को जमकर फटकार भी लगाई और तत्काल वार्ड की समस्याओं के निराकरण के लिए कहा।
पाइप लाइन फिटिंग की 87 हजार रुपये की फर्जी बिलिंग की थाने में की गई शिकायत
नपा द्वारा वार्ड नंबर 8 के नाम से कुछ विशेष लोगों को फायदा पहुँचाने की दृष्टि से पाईप लाईन हेतु फर्जी सामग्री खरीदी गई जिसकी शिकायत पूर्व में भी भाजपा पार्षदों द्वारा की गई, धरना स्थल पर मंडल अध्यक्ष द्वारा इस विषय से भी एसडीएम को अवगत कराया गया व सभी पार्षदों की मंशा अनुसार खरीदी सामग्री का भौतिक सत्यापन कर पंचनामा बनाने को कहा, जिस पर एसडीएम ने सत्यापन कराने का और गलत पाए जाने पर एफआईआर करने की बात कही, सत्यापन में पाया गया कि खरीदी संबंधी दस्तावेजों में जो सामग्री दर्शाई गई है, वह आधी अधूरी है, जिससे स्पष्ट फर्जीवाड़ा समझ आता है, तत्काल अवलोकन कराई गई, सामग्री का मौका स्थल पर ही नपा सीएमओ, पार्षदों व कर्मचारियों के हस्ताक्षर कराकर पंचनामा बनाया गया और इस फर्जीवाड़े की शिकायत सभी भाजपा पार्षदों व मंडल अध्यक्ष नवजीत मोनू जैन, पार्षद शरद कुरोलिया, रूपेश विश्वकर्मा, सोनिया कुमरे, रंजना सलोडे, रूबी जैन, सरिता मालवी ने स्थानीय थाने में एफआईआर हेतु की है।
मंडल अध्यक्ष द्वारा बताया गया कि कांग्रेसनीत नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार की शिकायत माननीय मुख्यमंत्री, नगरीय प्रशासन मंत्रालय व कलेक्टर से भी प्रमाण सहित की जाएगी और अगर वार्डों की जनसमस्याओं का अतिशीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो भाजपा द्वारा आगामी समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
