तारिक खान, भोपाल, NIT;
बीएचएल क्षेत्र स्थित घोड़ा पछाड़ डैम में डूबने से तीन छात्रों की मौत हो गई। हादसा सोमवार को उस वक्त हुआ जब तीनों छात्र एग्जाम के बाद डैम पर घूमने गए थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस एवं बचाव दल ने रेस्क्यू कर दो शव बरामद कर लिए हैं, जबकि तीसरे छात्र की तलाश जारी है।
बिलखिरिया थाने से मिली जानकारी के अनुसार, एग्जाम खत्म होने के बाद एलएनसीटी कॉलेज के बीई पहले सेमेस्टर के 8 दोस्त डैम घूमने के लिए गए थे। उसी वक्त दोस्तों ने डैम में नहाने का मन बनाया और हादसा हो गया। इस हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। हादसे के पहले किनारे पर बैठा एक दोस्त वीडियो बना रहा था। इस वीडियो में मौत से पहले का वह मंजर कैद हो गया, जिसमें तीनों दोस्त मस्ती करते दिखाई दे रहे हैं। हादसे के बाद किनारे पर खड़े दोस्तों ने डायल 100 को कॉल करके सूचना दी थी।
सभी दोस्त पैदल पहुंचे थे डैम पर
बिलखिरिया थाना प्रभारी राजेश सिन्हा ने बताया कि, सोमवार को BE पहले सेमेस्टर का आखिर पेपर था। पेपर देने के बाद सभी दोस्त हॉस्टल से पैदल डैम घूमने के लिए आए थे। इस दौरान सभी दोस्त नहाने के लिए पानी में उतर गए। इस दौरान पीयूष, सोनू और अंकित की डूबने से मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि कॉलेज के बाद पीयूष, सोनू, अंकित, मृत्युंजय, अभय, चिराग, पारस और उज्जवल घोड़ा पछाड़ डैम पहुंचे थे। यहां गहरे पानी में चले जाने की वजह से तीन छात्रों की डूबने से मौत हो गई।
