यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

कोरोना के बढते संक्रमण की चैन को ब्रेक करने के लिए प्रदेश में 10 मई से 24 मई तक लॉक डाउन की घोषणा के साथ ही धौलपुर पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत के नेतृत्व में जिला पुलिस ने लॉक डाउन की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के लिए कमर कस ली है. आज पुलिस लाइन के सभागार में पुलिस अधीक्षक ने 10 मई से 24 मई तक जिले में शुरु हो रहे सम्पूर्ण लॉक डाउन की राज्य सरकार की मंशा के अनुसार पूरी तरह से पालना सुनिश्चित कराने के लिए समस्त वृत्ताधिकारियों, थानाधिकारियों, कोरोना कन्ट्रोल रुम प्रभारियों व आरएसी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर विशेष कार्ययोजना पर मंथन किया. बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सम्पूर्ण लॉक डाउन के दौरान पुलिस जाप्ते को और अधिक मजबूत व व्यापक करने के लिए इच्छुक NCC कैडेट व पुलिस मित्रों का सहयोग लेने एवं विशेष रणनीति के साथ इलाकों में पुलिस बल को लगाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जिले में भी संक्रमण की स्थिति गंभीर है ऐसे में लॉक डाउन को यहां पूरी सख्ती के साथ लागू कराया जाएगा। इस मामले में किसी को कोई संदेह नहीं करना चाहिए. संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए ऐसा करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि फिलहाल जो हालात हैं, उसमें व्यापक लोगों की जान बचाना ही जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत ने वृत्ताधिकारियों एवं थानाधिकारियों को सम्पूर्ण लॉकडाउन के दौरान जिले में ‘कोई व्यक्ति भूखा नहीं सोये’ इसके लिए कर्तव्य पालन के साथ सामाजिक सरोकार निभाने के लिए अपने-अपने क्षेत्र में भामाशाहो की मदद ली जाए क्योंकि कोरोना महामारी के भयावह दौर में हमें इस बात का पूरी तरह से ध्यान रखना है. इसके साथ ही पुलिसकर्मीयों के लिए कोरोना से बचाव के लिए सभी जरुरी उपाय करने व सावधानियां बरतने के भी निर्देश दिए है. बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बच्चन सिंह मीणा, समस्त वृत्ताधिकारी, थानाधिकारी, कोरोना कन्ट्रोल रुम प्रभारी व आरएसी के अधिकारी उपस्थित रहे.
