रहीम शेरानी हिदुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

आज झाबुआ आये प्रभारी मंत्री से झाबुआ विधायक कांतिलाल भूरिया ने मिल कर कहा कि कोविड सेन्टर एवं ऑक्सीजन, इंजेक्शन की पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराएं. श्री भूरिया ने कहा कि झाबुआ जिले में बड़े स्तर पर कोरोना महामारी ग्रामीण क्षेत्रों में फैल रही है. ग्रामीणों को होम कोरोन्टाईन रखने में बडी़ परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इसलिए झाबुआ, थांदला, पेटलावद में कोविड सेंटर प्रारंभ किया जाना चाहिए जिसमें पर्याप्त मात्रा में चिकित्सक, उपकरण जैसे ऑक्सीजन, रेमडेसिवर इंजेक्शन, आईसीयू आवश्यक उपकरण आदि हो, उक्त मांग पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं झाबुआ विधायक कांतिलाल भूरिया ने आज झाबुआ भ्रमण पर आए प्रभारी मंत्री हरदीप सिंह डंग से झाबुआ सर्किट हाउस पर की. उक्त जानकारी देते हुए प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया ने बताया कि झाबुआ विधायक ने मंत्री जी को बताया कि जिले में कोरोना महामारी ग्रामीण क्षेत्रों में अपने पैर पसार चुकी है, ग्रामीण क्षेत्रों में काफी मात्रा में मरीज निकल रहे हैं. जिनकी जांच की जा रही है किंतु रिपोर्ट आने में देरी के चलते अपने आपको होम कोरोन्टाईन नहीं कर रहे हैं तथा लोगों से मिल रहे हैं जिससे संक्रमण बढ़ रहा है.
श्री भूरिया ने मांग की है कि गत वर्ष प्रारंभ किए गए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कोविड सेंटर प्रारंभ किए जावें, वहां पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन एवं आवश्यक दवाई इंजेक्शन तथा आईसीयू की व्यवस्था की जावे.
