यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

धौलपुर शहर में काफी समय से बंद पड़े सीवर लाइन कनेक्शन से परेशान हो रहे शहरवासियों की समस्या को देखते हुए नगर परिषद सभापति खुशबू सिंह ने हस्तक्षेप करते हुये अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवर लाइन पाइप कनेक्शन का कार्य शीघ्र चालू किया जाए। इस संबंध में आज गौशाला वार्ड नम्बर 4 में सीवर लाइन पाइप कनेक्शन का शुभारंभ नगर परिषद सभापति प्रतिनिधि एवं पूर्व उपसभापति निशांत सिंह ने विधि विधान से किया।
शहर में अभी तक धीमी गति से चल रहे तथा कुछ जगहों पर बंद होने से परेशान लोगों ने सभापति खुशबू सिंह को अवगत कराया। जिस पर सभापति सिंह ने अधिकारियों की बैठक ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में सीवरेज से संबंधित कार्य मे तेजी लाई जाकर समय पर पूरा किया जाए। इस पर अधिकारी हरकत में आये और उन्होंने सीवर लाइन से वंचित कॉलोनियों में सीवर लाइन पाइप कनेक्शन कार्य की स्वीकृति दी। शुक्रवार को वार्ड 4 में सीवर लाइन कनेक्शन कार्य का शुभारंभ नगर परिषद सभापति प्रतिनिधि एवं पूर्व उपसभापति निशांत सिंह ने विधि विधान से पूजा अर्चना कर किया। इस दौरान निशांत सिंह ने ठेकेदार से कहा कि कार्य को निर्धारित समय पर किया जाये जिससे लोगों को परेशानी न हो। सिंह ने कहा कि कार्य को गुणवत्ता पूर्ण किया जाए और इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि सीवरेज कार्य में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। इस मौके पर आयुक्त सौरभ जिंदल ने ठेकेदार से कहा कि कार्य समय पर किया जाए और लोगो को परेशानी नहीं आनी चाहिए। जिंदल ने कहा कि कार्य में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए और गुणवत्ता में कोई कमी नहीं आनी चाहिये। इस अवसर पर पार्षद इंद्र पाल सिंह राना, जेईएन रतन सिंंह, राम हरि शर्मा सहित मौहल्लेवासी मौजूद रहे।
