अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

“कोरोना” महामारी में भोपाल की व्यवस्था हो गई ध्वस्त।
जनता ने जिनको चुना है “सांसद” वो हैं अपनी मस्ती में मस्त।” इस जुमले के साथ एनएसयूआई (NSUI) मेडिकल विंग ने पूरे लोकसभा क्षेत्र में भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर के पोस्टर चस्पा किये हैं और उनकी खोज करने वाले व्यक्ति को उचित इनाम देने की घोषणा भी की है।

एनएसयूआई मेडिकल विंग के प्रदेश समन्वयक रवि परमार ने कहा कि जबसे भोपाल में कोरोना की महामारी ने विकराल रूप धारण किया है भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर न जाने कहाँ लापता हो गयी हैं। मैंने अपने स्तर पर बहुत प्रयास किये लेकिन जब सांसद महोदया का कोई पता नहीं चला तो हमने उनकी गुमशुदगी के पोस्टर समूचे भोपाल लोकसभा क्षेत्र और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) कार्यालय के बाहर लगाये हैं और जनता से अपील की है कि उन्हें खोजें हम खोजकर्ता को उचित इनाम देंगे।
रवि ने कहा कि आज भोपाल लोकसभा क्षेत्र में रोज सैकड़ों मौतें उचित समय पर इलाज न मिलने, इंजेक्शन की कमी,ऑक्सीजन न होने के कारण हो रही हैं, भोपाल में स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है लेकिन ऐसे नाजुक समय में भी यहाँ की सांसद गायब हैं, ये उनकी अकर्मण्यता है। भोपाल की जनता ने बड़ी भूल की है जो ऐसे जनप्रतिनिधि को चुना जो महामारी के दौर में अपनी जान की रक्षा करती छुपती घूम रही है।
