राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

देवरी थाना अंतर्गत ग्राम घुघरी के नजदीक खेत में विगत 12 अप्रैल की रात्रि में हुए 45 वर्षीय महिला के अंधे कत्ल के मामले में देवरी थाना पुलिस ने 48 घंटे में मामले का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को वारदात में प्रयुक्त हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया है। मामले का आरोपी मृतिका का पड़ोसी निकला जिसने गंदी नीयत के चलते इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था एवं बाद में खुद को बचाने के लिए मृतिका के पति को डरा धमका कर चुप रहने पर मजबूर किया था। पुलिस अधिकारियों से मिले हौसले के बाद उसने सारी सच्चाई बयां कर दी।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार विगत 12 अप्रैल रात्रि में थाना अंतर्गत देवरी बीना मार्ग पर स्थित घुघरी ग्राम के समीप रवि बिल्थरे के खेत में बने झोपड़े में निवास कर रहे गोरेलाल पटेल की 45 वर्षीय पत्नि श्रीमति रामवती की हत्या सूचना डॉयल 100 सेवा को दी गई थी। मामले के सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पहुंचे पुलिस अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया जिसमें पाया गया कि महिला के सिर पर धारदार एवं ठोस हथियार से हमला कर चोट पहुंचाकर क्षत विक्षित किया गया है जिससे मौत होने की संभावना है। परंतु घटना स्थल पर कोई हथियार नहीं पाया गया था। प्रथम दृष्टया हत्या के मामले में साक्ष्य एकत्र करने के लिए पुलिस द्वारा एफएसएल टीम एवं डाग स्कवायड की मदद ली गई एवं पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले में अज्ञात आरोपी के विरूद्ध हत्या का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था।
मृतक के पति द्वारा अपने प्राथमिक बयानों में पुलिस को बताया गया कि वह घटना के समय खेत पर था एवं गाय खदेड़ने के लिए गया था इस दौरान अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी पत्नि की हत्या कर दी गई थी। परंतु घटना स्थल पर जघन्य हत्या के दौरान हुए संघर्ष के निशान कुछ और कहानी बता रहे थे। थाना पुलिस द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया एवं उनसे प्राप्त निर्देश के आधार पर मृतिका के पुत्र एवं पति से बारीकी से बिंदुवार पूछताछ की गई एवं उन्हे सरंक्षण का आश्वासन देकर उनका हौसला बढ़ाया गया। पुलिस से मिले संबल के बाद मृतिका के पति ने पुलिस को सारी सच्चाई बता दी उसके द्वारा बताया गया कि उसकी झोपड़ी के सामने
खेत में बने टपरों में तारादेही जिला दमोह का निवासी रामलाल पिता दशरथ निवास करता है जो उसकी पत्नि पर गंदी नीयत रखता था। घटना दिनांक को सायं लगभग 6 बजे रामलाल ने उसे बताया कि उसका दमाद प्रेमलाल आया है जिसे चने की 2 बोरी अपने ग्राम हरदुआ ले जानी है इसलिए वह उसके साथ बाईक पर बैठकर चला जाये इसके ऐवज में उसे 50 रूपये देगा. रामलाल की बात मानकर मृतिका का पति गोरेलाल रामलाल के दामाद के साथ बाईक पर बोरी रखकर चला गया। रात्रि में लगभग 11 बजे जब वह वापिस अपने घर लौटा तो पाया कि झोपड़ी के बाहर उसकी पत्नि रामवती का शव खून से लथपथ पड़ा था एवं रामलाल कुल्हाड़ी लेकर खड़ा था। उसके द्वारा पूछने पर रामलाल ने बताया कि वह उसकी पत्नि के साथ संबंध बनाना चाहता था परंतु उसके द्वारा विरोध करने पर उसने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी एवं पत्थर से हत्या कर दी है। रामलाल ने मृतिका के पति को धमकी दी कि यदि उसने पुलिस के सामने मुह खोला तो बुरा अंजाम होगा जिसके कारण वह चुप था। पुलिस द्वारा मामले में पति के बयान के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पुछताछ की जिसमें उसने हत्या करने की बात स्वीकार की हत्या का कारण महिला द्वारा विरोध करना एवं लात मारना बताया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी एवं पत्थर बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अंधे कत्ल के इस पर्दाफाश में थाना प्रभारी प्रशांत सेन की कार्रवाई एवं अनुविभागीय अधिकारी कु. पूजा शर्मा का निर्देशन सराहनीय रहा। कार्रवाई में उप निरीक्षक टेकाम, प्रधान आरक्षक राजेश दुबे, आरक्षक प्रेमजीत, आरक्षक नरसिंह एवं उप निरीक्षक किरण पटके शामिल रहे।
