शारिफ अंसारी, मुंबई, NIT;
भिवंडी मनपा आयुक्त डॉ. योगेश म्हसे ने जीवन सुरक्षा के मद्देनजर रहिवासियों से अति खतरनाक इमारतों को अविलंब खाली किये जाने का आदेश दिया है, अन्यथा पुलिस सहयोग से निष्काषित किये जाने की चेतावनी दी है। मनपा आयुक्त की चेतावनी से शहर मनपा क्षेत्र अंतर्गत अति खतरनाक इमारतों में जीवनयापन कर रहे हजारों रहिवासियों में हडकंप मचा हुआ है।
ज्ञात रहे कि, पावरलूम नगरी भिवंडी में विगत वर्ष गैबीनगर क्षेत्र एवं भिवंडी-मानसरोवर रोड स्थित 2 अतिधोकादायक इमारतों के बरसात में धराशाई होने की वजह से 16 लोगों की जान चली गयी थी। मनपा आयुक्त डाॅ .योगेश म्हसे नें बताया कि, प्रभाग क्रमांक 1 में 32, प्रभाग क्रमांक 2 में 156, प्रभाग क्र.3 में 62, प्रभाग क्र.4 में 99, प्रभाग क्र.5 में 216 अति जर्जर इमारतें मौजूद हैं। सबसे अधिक अति जर्जर प्रभाग क्र.5 स्थित इमारतें शहर के पाश क्षेत्रों में हैं। उक्त अति जर्जर इमारतों के मालिकों को मनपा प्रशासन द्वारा खाली किये जानें की नोटिस दी जा चुकी है। मनपा आयुक्त डाॅ .योगेश म्हसे ने नागरिकों के जीवन सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मनपा क्षेत्र की सीमा में स्थित 331 अतिधोकादायक इमारतों को स्ट्रक्चरल आडिट की रिपोर्ट के उपरान्त बिजली, पानी कनेक्शन काटे जाने का फरमान संबंधित मनपा प्रभाग अधिकारियों को दिया है। कई इमारतों के मालिकों द्वारा कोर्ट से इमारतों को न गिराए जानें हेतु स्टे लिया गया है। मनपा प्रशासन कोर्ट से अपील कर स्टे हटाये जाने हेतु प्रयासरत है।
मनपा आयुक्त ने अति जर्जर इमारतों में रह रहे रहिवासियों से अविलंब इमारत खाली किये जाने की अपील की है अन्यथा पुलिसिया कार्रवाई किये जाने की चेतावनी दी है। मनपा आयुक्त म्हसे के आदेश पर संबंधित क्षेत्रों के प्रभाग अधिकारी अति जर्जर इमारतों को रहिवासियों से खाली कराए जानें में जुट गये हैं व अति जर्जर इमारतों को तोडा जा रहा है।
मनपा आयुक्त के आदेश पर भिवंडी मनपा प्रभाग क्रमांक 2 के अंतर्गत नई बस्ती स्थित रहमतपुरा नामक परिसर के पहाड़ के ढलान पर बसे झोपडों को खिसक कर गिरने की आशंका जताते हुए सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रभाग अधिकारी डॉ. सुनील भालेराव ने ढलान पर बसे झोपड़ा मालिकों को नोटिस देकर अविलंब झोपड़ा खाली करने को कहा है, साथ ही चेतावनी दी है कि ज़मीन खिसकने से होने वाली दुर्घटना में होने वाले नुक्सान के लिए झोपड़ा मालिक ज़िम्मेदार होंगे।
