रफीक आलम, दमुआ/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मिशन नगरोदय के तहत किये जा रहे विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं में हितलाभ वितरण और नगरीय अधोसंरचनाओं का वर्चुअल भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। राज्य के नगरीय क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास को गति देने तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ नागरिकों को पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में मिशन नगरोदय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।
मिशन नगरोदय कार्यक्रम में आगामी 5 वर्ष के रोडमैप की प्रस्तावित राशि की जानकारी भी नागरिकों को दी गई। प्रधानमंत्री आवास, योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की राशि,15वें वित्त आयोग के अंतर्गत नगरीय निकायों के विकास कार्यों के लिए राशि, शहरी अधोसंरचना मद की राशि, सड़कों के मरम्मत की राशि एक क्लिक मे प्रदेश के शहरी निकायों में भेजी। केंद्र सरकार की योजनाओं के साथ राज्य शासन की योजनाओं की जानकारी के बारे में भी अवगत कराया गया। इस आयोजन में विधायक सुनील उईके, नगरपालिका अध्यक्ष सुभाष गुलबाके, उपाध्यक्ष गंगाधर बारस्कर, सीएमओ डीपी खाण्डेकर, विनोद निरापुरे, योगेश साहू, पार्षद गण, नगरपालिका अधिकारी, कर्मचारियों सहित सभी गणमान्य नागरिक एवं महिलाओं की उपस्थिति रही।
